फिरोजाबाद को हराभरा बनाने की तैयारी तेज, डीएम ने नर्सरी का किया औचक निरीक्षण, 12 जुलाई के महाअभियान को सफल बनाने का आह्वान
61 प्रजातियों के पौधों का लिया जायजा, 'एक पेड़ मां के नाम 3.0' अभियान के तहत किया कचनार का पौधरोपण, अधिकारियों को संरक्षण की जिम्मेदारी सौंपने के निर्देश।

फिरोजाबाद को हराभरा बनाने की तैयारी तेज, डीएम ने नर्सरी का किया औचक निरीक्षण, 12 जुलाई के महाअभियान को सफल बनाने का आह्वान
61 प्रजातियों के पौधों का लिया जायजा, ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत किया कचनार का पौधरोपण, अधिकारियों को संरक्षण की जिम्मेदारी सौंपने के निर्देश।
फिरोजाबाद।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे और मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य के साथ सिविल लाइन स्थित पौधशाला नर्सरी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नर्सरी में संरक्षित एवं विकसित की जा रही 61 विभिन्न प्रजातियों के पौधों का गहन अवलोकन किया और उनकी उपयोगिता के बारे में जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नर्सरी में तैयार पौधों का व्यापक स्तर पर जिले के सभी क्षेत्रों में पौधरोपण कराया जाए, ताकि फिरोजाबाद को हराभरा और प्रदूषण मुक्त बनाने के लक्ष्य को गति मिल सके।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच पेड़-पौधों का संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आधुनिक विकास की दौड़ में प्रकृति की अनदेखी चिंताजनक है और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाना होगा।
इसके बाद जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी के साथ यूपीसीडा परिसर में कचनार का पौधा रोपित किया। वहीं मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने पाखर का पौधा लगाया। इस अवसर पर डीएम ने ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा देना है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 12 जुलाई को प्रस्तावित वृक्षारोपण महाअभियान को जनसहभागिता के साथ सफल बनाया जाए। साथ ही पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अलग-अलग अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए, ताकि लगाए गए पौधों का नियमित संरक्षण और देखभाल हो सके।
निरीक्षण एवं पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान यूपीसीडा अध्यक्ष राजकुमार शर्मा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।




