फिरोजाबाद के मेधावियों का सम्मान, हाईस्कूल-इंटर टॉपर्स को मिले 21 हजार रुपये, मेडल और प्रशस्ति पत्र
विकास भवन में आयोजित सम्मान समारोह में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने बढ़ाया छात्रों का उत्साह, बेटियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की हुई सराहना

फिरोजाबाद के मेधावियों का सम्मान, हाईस्कूल-इंटर टॉपर्स को मिले 21 हजार रुपये, मेडल और प्रशस्ति पत्र
विकास भवन में आयोजित सम्मान समारोह में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने बढ़ाया छात्रों का उत्साह, बेटियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की हुई सराहना
फिरोजाबाद। विकास भवन सभागार में माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 के जनपद स्तरीय मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने प्रतिभाग कर विद्यार्थियों को उनकी उल्लेखनीय सफलता पर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह में सदर विधायक मनीष असीजा, मेयर कामिनी राठौर और ब्लॉक प्रमुख डॉ. लक्ष्मी नारायण यादव मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य और अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) मोहनलाल गुप्ता ने भी छात्रों को सम्मानित कर उनका मार्गदर्शन किया।
विधायक मनीष असीजा ने कहा कि जनपद में शिक्षा की गुणवत्ता में लगातार सुधार हो रहा है और विद्यार्थियों की मेहनत को उचित पहचान मिल रही है। उन्होंने प्रशासन से मेधावी छात्रों की समय-समय पर काउंसलिंग कराने की अपील की, ताकि उन्हें बेहतर करियर मार्गदर्शन मिल सके।
मेयर कामिनी राठौर और ब्लॉक प्रमुख डॉ. लक्ष्मी नारायण यादव ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इन बच्चों ने अपने परिवार के साथ-साथ पूरे जनपद का नाम रोशन किया है।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि हाईस्कूल की मेरिट में फिरोजाबाद ने 67वें स्थान से 52वें स्थान पर पहुंचकर 15 पायदान की छलांग लगाई है, जबकि इंटरमीडिएट में भी 7 स्थानों का सुधार दर्ज किया गया है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए शिक्षकों और विद्यार्थियों को बधाई दी। बेटियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि बेहतर शैक्षिक माहौल मिलने से उनकी प्रतिभा निखरकर सामने आ रही है।
उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, समर्पण और निरंतरता को सफलता का मूल मंत्र बताते हुए सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों से बचने और अपनी ऊर्जा को ज्ञानवर्धन में लगाने की सलाह दी।
कार्यक्रम में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की जनपद स्तरीय टॉप-10 सूची में स्थान पाने वाले मेधावियों को 21 हजार रुपये का चेक, प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखा गया।
समारोह में शिक्षा विभाग के अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण तथा विद्यार्थियों के अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




