व्हाट्सएप ग्रुप में QR कोड भेजकर करता था साइबर ठगी, फिरोजाबाद पुलिस ने दबोचा शातिर जालसाज
लॉटरी का लालच देकर लोगों से ऐंठता था रकम, लैपटॉप, मोबाइल, एटीएम कार्ड और बैंक दस्तावेज बरामद

व्हाट्सएप ग्रुप में QR कोड भेजकर करता था साइबर ठगी, फिरोजाबाद पुलिस ने दबोचा शातिर जालसाज
लॉटरी का लालच देकर लोगों से ऐंठता था रकम, लैपटॉप, मोबाइल, एटीएम कार्ड और बैंक दस्तावेज बरामद
फिरोजाबाद। साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फिरोजाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर क्राइम सेल और थाना उत्तर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक ऐसे शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार किया गया है, जो व्हाट्सएप ग्रुपों में QR कोड भेजकर और लॉटरी का झांसा देकर लोगों से ठगी करता था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने थाना उत्तर क्षेत्र के जैन नगर निवासी आशु पाठक को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से अनजान व्हाट्सएप ग्रुपों में शामिल होकर अपना, अपने भाई और एक महिला मित्र का QR कोड साझा करता था। इसके बाद ग्रुप के सदस्यों के मोबाइल नंबर हासिल कर उन्हें कॉल करता और लॉटरी निकलने या अन्य आकर्षक ऑफर का झांसा देकर अपने खातों में रुपये ट्रांसफर करा लेता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे बैंक खातों और QR कोड के माध्यम से मनी लॉन्ड्रिंग जैसी गतिविधियों के भी संकेत मिले हैं। राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर आरोपी के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों से कुल आठ शिकायतें दर्ज मिली हैं, जिनमें लाखों रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन, चार एटीएम कार्ड, तीन बैंक पासबुक तथा एक मोटरसाइकिल की आरसी बरामद की है। बरामद डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है, जिससे साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी मिल सकती है।
इस मामले में थाना उत्तर पर धारा 318(4) बीएनएस एवं 66D आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




