Welcome to PCTNews   Click to listen highlighted text! Welcome to PCTNews
यूपीराज्यलोकल न्यूज़

कांवड़ यात्रा की तैयारियों का डीएम-एसएसपी ने लिया जायजा, टूंडला के मोहम्मदाबाद मार्ग का किया स्थलीय निरीक्षण

डीएम बोले— किसानों की भूमि प्रभावित होने पर मुआवजे में नहीं होगी देरी, अफवाहों पर न दें ध्यान

कांवड़ यात्रा की तैयारियों का डीएम-एसएसपी ने लिया जायजा, टूंडला के मोहम्मदाबाद मार्ग का किया स्थलीय निरीक्षण

डीएम बोले— किसानों की भूमि प्रभावित होने पर मुआवजे में नहीं होगी देरी, अफवाहों पर न दें ध्यान

फिरोजाबाद। आगामी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने शुक्रवार को टूंडला क्षेत्र के मोहम्मदाबाद मार्ग का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग की स्थिति का जायजा लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) एवं संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि मार्ग पर मौजूद सभी गड्ढों को तत्काल भरकर सड़क को पूरी तरह दुरुस्त किया जाए। जिन स्थानों पर जलभराव की समस्या है, वहां पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए स्पष्ट किया कि यदि मार्ग के सुदृढ़ीकरण के दौरान किसी किसान की भूमि प्रभावित होती है तो उसके मुआवजे की प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही या देरी नहीं होने दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में कराया जा रहा कार्य केवल आगामी कांवड़ यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इसका उद्देश्य किसी भी किसान या ग्रामीण की भूमि का स्थायी अधिग्रहण करना नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने भी सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। साथ ही ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था इस प्रकार बनाई जाए कि कांवड़ यात्रियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी टूंडला, क्षेत्राधिकारी टूंडला, संबंधित थाना प्रभारी, लोक निर्माण विभाग के अभियंता एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!