शिकोहाबाद पुलिस का बड़ा खुलासा: मोटरसाइकिल चोर गिरोह का भंडाफोड़, पांच शातिर गिरफ्तार
छह चोरी की मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा और भारी मात्रा में कटे हुए पुर्जे बरामद

शिकोहाबाद पुलिस का बड़ा खुलासा: मोटरसाइकिल चोर गिरोह का भंडाफोड़, पांच शातिर गिरफ्तार
छह चोरी की मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा और भारी मात्रा में कटे हुए पुर्जे बरामद
चोरी की मोटरसाइकिलों के पुर्जे खोलकर कबाड़ में बेचता था गिरोह
फिरोजाबाद जनपद के शिकोहाबाद थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल चोरी करने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छह चोरी की मोटरसाइकिल, पांच मोटरसाइकिलों के कटे हुए पुर्जे, एक अवैध देशी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी शिकोहाबाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर प्रतापपुर रोड से मलिखानपुर जाने वाले मार्ग पर रुपनगर के पास खाली मैदान में दबिश दी।
पुलिस ने मौके से कन्हैया, अवधेश उर्फ बाबा, राजेश उर्फ लालू, रोहित और अशरफ को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि कन्हैया, अवधेश और राजेश अलग-अलग क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। इसके बाद चोरी की मोटरसाइकिलें रोहित और अशरफ को सौंप दी जाती थीं, जहां उनके पुर्जे खोलकर अलग-अलग बेचे जाते थे। बचा हुआ सामान कबाड़ में बेचकर आरोपी आपस में रुपये बांट लेते थे।
पुलिस जांच में बरामद मोटरसाइकिलों में से एक मोटरसाइकिल थाना शिकोहाबाद में पहले से दर्ज मुकदमे से संबंधित पाई गई। इसके बाद मुकदमे में नई धाराएं बढ़ाई गईं। आरोपियों ने थाना नारखी क्षेत्र से भी मोटरसाइकिल चोरी करने की बात कबूल की है।
आरोपियों की निशानदेही पर थाना जसराना क्षेत्र के ग्राम नूरपुर स्थित एक दुकान से भारी मात्रा में चोरी की मोटरसाइकिलों के कटे हुए पुर्जे बरामद किए गए। बरामद सामान में पेट्रोल टंकी, शॉकर, इंजन के पुर्जे, टायर, रिम, साइलेंसर और नंबर प्लेट शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपी
कन्हैया पुत्र प्रभु दयाल निवासी ग्राम जरेला थाना जसराना
अवधेश उर्फ बाबा पुत्र मुन्नालाल निवासी मोहिनीपुर थाना शिकोहाबाद
राजेश उर्फ लालू पुत्र अतर सिंह निवासी नगला कलू थाना जसराना
रोहित पुत्र ओमेंद्रपाल निवासी आवास विकास कॉलोनी शिकोहाबाद
अशरफ पुत्र शरफुद्दीन निवासी शीशपुरी थाना जसराना
बरामदगी
छह चोरी की मोटरसाइकिल
पांच मोटरसाइकिलों के कटे हुए पुर्जे
एक अवैध देशी तमंचा तीन सौ पंद्रह बोर
दो जिंदा कारतूस तीन सौ पंद्रह बोर
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों पर पहले से चोरी, गैंगस्टर और आयुध अधिनियम समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। थाना शिकोहाबाद में आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।




