फिरोजाबाद में गैंगस्टरों पर बड़ी कार्रवाई: 37 लाख से ज्यादा की संपत्ति कुर्क, रसूलपुर पुलिस का शिकंजा कसा
गैंगस्टर एक्ट के तहत आगरा के दो आरोपियों की अवैध संपत्ति जब्त, SSP आदित्य लांग्हे के निर्देश पर लगातार चल रही कार्रवाई

फिरोजाबाद में गैंगस्टरों पर बड़ी कार्रवाई: 37 लाख से ज्यादा की संपत्ति कुर्क, रसूलपुर पुलिस का शिकंजा कसा
गैंगस्टर एक्ट के तहत आगरा के दो आरोपियों की अवैध संपत्ति जब्त, SSP आदित्य लांग्हे के निर्देश पर लगातार चल रही कार्रवाई
फिरोजाबाद में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में थाना रसूलपुर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों की करीब 37 लाख 62 हजार 450 रुपये की अचल संपत्ति कुर्क कर जब्त कर ली।
पुलिस के मुताबिक गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में शामिल आरोपी प्रदीप कुमार और गौरव सिंह द्वारा अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति बनाई गई थी। इसी के तहत धारा 14(1) गिरोहबंद एवं असामाजिक क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम 1986 के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए दोनों की संपत्तियों को कुर्क किया गया।
थाना रसूलपुर पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने आगरा के एत्मादपुर क्षेत्र स्थित नवलगंज मौजा चक हफतम में मौजूद खाली प्लॉट के हिस्से को जब्त किया। दोनों आरोपियों के हिस्से की जमीन की अनुमानित कीमत 18-18 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी प्रदीप कुमार पालीवाल और गौरव सिंह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट समेत जुआ अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं। दोनों पर संगठित अपराध में शामिल होकर अवैध तरीके से संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।
रसूलपुर पुलिस इससे पहले भी इसी गैंग से जुड़े अन्य आरोपियों मायाराम, सुशील उर्फ सट्टा, राशिद और भीमसेन की करोड़ों की संपत्तियों पर कुर्की की कार्रवाई कर चुकी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




