फिरोजाबाद में किसानों और जवानों की समस्याओं को लेकर भाकियू किरन ने सौंपा ज्ञापन
फसलों के उचित दाम, सिंचाई, जलभराव और पूर्व सैनिकों की सुविधाओं सहित कई मांगों पर प्रशासन से कार्रवाई की मांग

फिरोजाबाद में किसानों और जवानों की समस्याओं को लेकर भाकियू किरन ने सौंपा ज्ञापन
फसलों के उचित दाम, सिंचाई, जलभराव और पूर्व सैनिकों की सुविधाओं सहित कई मांगों पर प्रशासन से कार्रवाई की मांग
फिरोजाबाद 12 मई 2026 मंगलवार
भारतीय किसान यूनियन किरन एवं सैनिक प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को किसानों और जवानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर अपर जिलाधिकारी फिरोजाबाद को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में किसानों की फसलों के उचित दाम, सिंचाई व्यवस्था, जलभराव की समस्या के समाधान तथा पूर्व सैनिकों से जुड़ी मांगों को प्रमुखता से उठाया गया।
संगठन की ओर से मांग की गई कि 8वें वेतन आयोग में सेना के उच्च पदस्थ अधिकारियों को शामिल किया जाए तथा जनपद फिरोजाबाद में पूर्व सैनिकों के उपचार के लिए चुनिंदा अस्पतालों को पैनल में शामिल किया जाए। इसके अलावा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को शीघ्र लागू करने की भी मांग रखी गई।
ज्ञापन सौंपने के बाद भारतीय किसान यूनियन किरन और सैनिक समाज सेवा संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य ग्राम हरगनपुर पहुंचे, जहां पूज्य महाराज योगेन्द्र ब्रजवासी जी के मुखारविंद से चल रही श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होकर कथा श्रवण किया। इसके बाद ग्राम ततारपुर में सेवानिवृत्त फौजी गजेन्द्र सिंह यादव के यहां आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में पहुंचकर धार्मिक कार्यक्रम में सहभागिता की।
दोनों स्थानों पर संगठन की ओर से कथा व्यास और कथा आयोजकों को सम्मानित किया गया। वहीं परीक्षित द्वारा सैनिक समाज सेवा संगठन और भारतीय किसान यूनियन किरन के राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला एवं सैनिक प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों और सदस्यों को पटका एवं अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सैनिक समाज सेवा संगठन के जिलाध्यक्ष सहित जिला एवं तहसील स्तर के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। वहीं भारतीय किसान यूनियन किरन के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष सहित राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के सैनिक प्रकोष्ठ के पदाधिकारी और सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि किसान और जवान देश की रीढ़ हैं। उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान होना चाहिए। प्रशासन की ओर से मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।




