फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज के सौ शैय्या अस्पताल में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, वार्ड में मचा हड़कंप
कूलर में लगी आग से धुएं से भर गया वार्ड, फायर ब्रिगेड ने समय रहते पाया काबू, मरीजों को सुरक्षित किया शिफ्ट

फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज के सौ शैय्या अस्पताल में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, वार्ड में मचा हड़कंप

कूलर में लगी आग से धुएं से भर गया वार्ड, फायर ब्रिगेड ने समय रहते पाया काबू, मरीजों को सुरक्षित किया शिफ्ट

फिरोजाबाद के स्वशासी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय के सौ शैय्या अस्पताल में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भूतल स्थित लेबर रूम के पास बने मरीज वार्ड में अचानक शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई। बताया गया कि वार्ड में लगे कूलर में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़क उठी, जिसके बाद पूरे वार्ड में धुआं फैल गया।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना पर फायर स्टेशन से तत्काल दो फायर टेंडर मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। इसके साथ ही वार्ड में फैले धुएं को स्मोक एग्जॉस्टर की मदद से बाहर निकाला गया।
जिस वार्ड के पास आग लगी, उसके बगल वाले वार्ड में मरीज भर्ती थे। धुएं और अफरा-तफरी के बीच डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए सभी मरीजों को सुरक्षित दूसरे वार्ड में शिफ्ट कराया।
समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अस्पताल प्रशासन द्वारा मामले की जांच कराई जा रही है