फिरोजाबाद का ग्लास म्यूजियम बनेगा जिले की नई पहचान, डीएम ने किया निर्माण कार्यों का निरीक्षण
ऑडिटोरियम और ग्लास म्यूजियम का 75 प्रतिशत कार्य पूरा, डीएम बोले— रख-रखाव और स्वच्छता में नहीं होगी कोई लापरवाही

फिरोजाबाद का ग्लास म्यूजियम बनेगा जिले की नई पहचान, डीएम ने किया निर्माण कार्यों का निरीक्षण

ऑडिटोरियम और ग्लास म्यूजियम का 75 प्रतिशत कार्य पूरा, डीएम बोले— रख-रखाव और स्वच्छता में नहीं होगी कोई लापरवाही
फिरोजाबाद/08 मई। जनपद में निर्माणाधीन ग्लास म्यूजियम और ऑडिटोरियम को लेकर प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है। शुक्रवार को जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा ने मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य के साथ निर्माण स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि परियोजना का लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है और शेष कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि भवन निर्माण से अधिक महत्वपूर्ण उसका दीर्घकालिक रख-रखाव और स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि अभी से भवन के संचालन के लिए प्रभावी ऑपरेटिंग मैकेनिज्म तैयार किया जाए, ताकि भविष्य में इसकी उपयोगिता लगातार बनी रहे।
डीएम ने साफ शब्दों में कहा कि इस महत्वपूर्ण परियोजना की स्थिरता और साफ-सफाई का स्तर हमेशा उच्च श्रेणी का होना चाहिए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह ग्लास म्यूजियम और ऑडिटोरियम जनपद फिरोजाबाद की नई पहचान बनेगा और जिले के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
इस दौरान पर्यटन अधिकारी विशाल श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




