बंगाल दौरे से लौटे अखिलेश यादव का बड़ा हमला
चुनावी धांधली से लेकर लोकतंत्र और संविधान बचाने तक केंद्र सरकार पर साधा निशाना

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Akhilesh Yadav ने पश्चिम बंगाल दौरे के बाद केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश में अब केवल चुनाव प्रक्रिया को बचाने की नहीं बल्कि देश को बचाने की लड़ाई चल रही है।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि देश ऐसे लोगों के हाथों में चला गया है जो संविधान, लोकतंत्र, आरक्षण, स्वतंत्रता, समानता, न्याय और देश की एकता के विरोधी हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा और उसके सहयोगी आजादी से पहले भी देश विरोधी थे और आज भी उसी सोच के साथ काम कर रहे हैं।
योजना आयोग खत्म करने से लेकर शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने कहा कि केंद्र सरकार ने देश के विकास की योजनाओं को कमजोर करने के लिए योजना आयोग को खत्म किया। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था पर कब्जा कर सरकारी स्कूलों को कमजोर किया जा रहा है ताकि गरीब और आम जनता के बच्चे शिक्षा से दूर रहें।
उन्होंने नोटबंदी और जीएसटी को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि इन फैसलों ने छोटे कारोबारियों और देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाया है। साथ ही बैंकिंग व्यवस्था में भ्रष्टाचार बढ़ाने का भी आरोप लगाया।
कोविड फंड, भ्रष्टाचार और विदेश भागे कारोबारियों पर भी सवाल
सपा प्रमुख ने कोविड के दौरान जुटाए गए चंदे का हिसाब मांगते हुए सरकार पर पारदर्शिता न रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार बढ़ाकर देश को कमजोर किया जा रहा है और बड़े कारोबारी देश का पैसा लेकर विदेश भाग रहे हैं।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि खुद को विश्वगुरु बताने वाली सरकार अब तक देश छोड़कर भागे आर्थिक अपराधियों को वापस क्यों नहीं ला सकी।
सांप्रदायिकता फैलाकर देश तोड़ने का लगाया आरोप
अखिलेश यादव ने कहा कि सांप्रदायिकता का जहर फैलाकर देश की एकता और भाईचारे को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दलों को तोड़कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है।
देश बचाने के लिए जनता से एकजुट होने की अपील
अपने संदेश के अंत में अखिलेश यादव ने देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि अब निर्णायक समय आ गया है और सभी लोगों को मिलकर देश विरोधी ताकतों को हराना होगा। उन्होंने देश बचाने और नई आजादी के लिए तिरंगा उठाने का आह्वान किया।




