फिरोजाबाद: मतदाता सूची में छूटे पात्र लोगों के नाम जोड़ने पर जोर, बीएलओ घर-घर जाकर करेंगे सत्यापन
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में निर्वाचन संबंधी समीक्षा बैठक आयोजित, पहली बार मतदान करने वाले युवाओं, महिलाओं और नवविवाहिताओं के नाम जोड़ने को प्राथमिकता

फिरोजाबाद: मतदाता सूची में छूटे पात्र लोगों के नाम जोड़ने पर जोर, बीएलओ घर-घर जाकर करेंगे सत्यापन
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में निर्वाचन संबंधी समीक्षा बैठक आयोजित, पहली बार मतदान करने वाले युवाओं, महिलाओं और नवविवाहिताओं के नाम जोड़ने को प्राथमिकता
PCT News Digital | फिरोजाबाद।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण-2026 को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कल्पना जायसवाल, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और विभिन्न तहसीलों के उप जिलाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में मतदाता सूची में छूटे पात्र नागरिकों के नाम शामिल करने तथा पहली बार मतदान के लिए पात्र हो रहे युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके लिए पात्र नागरिक ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे बीएलओ
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर जाकर पात्र नागरिकों का सत्यापन करेंगे। इस दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज न होने वाले योग्य नागरिकों को चिह्नित कर उनका फॉर्म-6 भरवाया जाएगा, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में शामिल किया जा सके।
बैठक में पूर्व में प्रकाशित मतदाता सूचियों का मिलान कर उन पात्र मतदाताओं की पहचान करने पर भी चर्चा हुई, जिनके नाम तकनीकी या अन्य कारणों से सूची में छूट गए हैं अथवा कट गए हैं। ऐसे मामलों में नियमानुसार भौतिक सत्यापन और निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से नाम जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।
पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को प्राथमिकता
जिलाधिकारी ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके तथा 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नए मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता और आवेदन प्रक्रिया को प्रभावी बनाया जाए।
महिलाओं और नवविवाहिताओं के नाम जोड़ने के निर्देश
जिले में महिला एवं पुरुष मतदाताओं के अनुपात में सुधार लाने के उद्देश्य से छूटी हुई महिलाओं और नवविवाहिताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को सक्रिय करें, जिससे बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर पात्र मतदाताओं के नाम दर्ज कराने में सहयोग किया जा सके।
बेघर नागरिकों और श्रमिकों के लिए लगेंगे विशेष कैंप
बैठक में नाइट शेल्टर, श्रमिक कॉलोनियों, अनाथालयों और बेघर नागरिकों के बीच पात्र मतदाताओं की पहचान कर उनके पंजीकरण के लिए विशेष शिविर आयोजित करने की बात कही गई। इसके साथ ही नवरात्रि, दशहरा और दीपावली जैसे त्योहारों के दौरान घर लौटने वाले प्रवासी नागरिकों को ध्यान में रखते हुए अधिक से अधिक पात्र लोगों के आवेदन भरवाने पर जोर दिया गया।

बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में सीपीआईएम के जिला मंत्री नवल सिंह, आम आदमी पार्टी के नदीम सिद्दीकी, महानगर भाजपा के महामंत्री प्रमोद पाल बघेल, समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष डॉ. विजय आर्य, कांग्रेस के जिला महासचिव शहंशाह और बसपा के विधानसभा प्रभारी चेतन कुमार सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा उप जिलाधिकारी टूंडला दिव्या सिंह, उप जिलाधिकारी सुदर्शन कुमार, उप जिलाधिकारी सिरसागंज सिद्धार्थ पाठक, उप जिलाधिकारी शिकोहाबाद राजेश कुमार शुक्ला, उप जिलाधिकारी अंकित वर्मा तथा संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
PCT News Digital — खबर आपके शहर की, आपकी आवाज।




