Welcome to PCTNews   Click to listen highlighted text! Welcome to PCTNews
यूपीराज्यलोकल न्यूज़

ग्राम किठौत में ‘सरकार आपके द्वार’ चौपाल: डीएम ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, डिजिटल लाइब्रेरी का किया उद्घाटन

पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के दिए निर्देश, मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को सौंपी चाबियां, वन महोत्सव के तहत किया वृक्षारोपण

ग्राम किठौत में ‘सरकार आपके द्वार’ चौपाल: डीएम ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, डिजिटल लाइब्रेरी का किया उद्घाटन

पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के दिए निर्देश, मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को सौंपी चाबियां, वन महोत्सव के तहत किया वृक्षारोपण

फिरोजाबाद, 06 जुलाई।

शासन की प्राथमिकताओं और जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से सिरसागंज विकासखंड की ग्राम पंचायत किठौत में ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत भव्य ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित जनपद स्तरीय अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न योजनाओं के लाभ की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने चौपाल में उपस्थित ग्रामीणों से प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, किसान सम्मान निधि, विधवा, वृद्धावस्था एवं दिव्यांग पेंशन, उज्ज्वला योजना, राशन वितरण सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो पात्र व्यक्ति अभी तक किसी योजना का लाभ नहीं पा सके हैं, उन्हें तत्काल चिन्हित कर लाभ दिलाया जाए।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। यदि किसी अधिकारी, सचिव, लेखपाल, आशा कार्यकर्ता या अन्य कर्मचारी द्वारा लापरवाही बरती गई तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन जनता के प्रति पूरी तरह जवाबदेह है और ‘सरकार आपके द्वार’ अभियान के माध्यम से लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने गांव के बच्चों से भी आत्मीय संवाद किया और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय जाने तथा शिक्षा को जीवन की सफलता का आधार बनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर ग्रामीण युवाओं के लिए निर्मित डिजिटल पुस्तकालय का फीता काटकर उद्घाटन किया गया। उन्होंने युवाओं से पुस्तकालय का अधिक से अधिक उपयोग कर आधुनिक शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने का आह्वान किया।

मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने कहा कि डिजिटल युग में ज्ञान सबसे बड़ी ताकत है और यह डिजिटल लाइब्रेरी ग्रामीण युवाओं को एक ही स्थान पर अध्ययन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण भी कराया।

वन महोत्सव के तहत जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने वृक्षारोपण किया। वहीं मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत लाभार्थी चरन देवी एवं सुनीता कुमारी को आवास की चाबियां भी सौंपी गईं।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) मोहनलाल गुप्ता, परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी सिरसागंज सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!