ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से युवक की मौत, शव रखकर लगाया जाम; अफसरों के आश्वासन पर खुला रास्ता
आरोपी चालक गिरफ्तार, ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज; अवैध खनन में लगी गाड़ियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को सहायता का मिला भरोसा

ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से युवक की मौत, शव रखकर लगाया जाम; अफसरों के आश्वासन पर खुला रास्ता
आरोपी चालक गिरफ्तार, ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज; अवैध खनन में लगी गाड़ियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को सहायता का मिला भरोसा
फिरोजाबाद। खैरगढ़ थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से घायल युवक पुष्पेंद्र की उपचार के दौरान मौत के बाद सोमवार को गांव प्रतापपुर में परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही ग्रामीणों ने प्रतापपुर चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
जाम की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनुज चौधरी, क्षेत्राधिकारी शिकोहाबाद तथा प्रभारी निरीक्षक प्रेम सिंह ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया।
अधिकारियों ने आरोपी चालक के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई, खनन में लगी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाने तथा पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। काफी देर चली वार्ता के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया। इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए भेजा गया और यातायात सुचारु हो सका।
गौरतलब है कि खैरगढ़ क्षेत्र में मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से पुष्पेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है तथा आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
PCT News इस पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है। यदि जांच या प्रशासनिक कार्रवाई में कोई नया अपडेट सामने आता है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।




