राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर बैंक प्रबंधकों के साथ बैठक
12 सितम्बर को आयोजित होगी राष्ट्रीय लोक अदालत, बैंक ऋण से जुड़े अधिकाधिक प्रकरणों के निस्तारण पर जोर

राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर बैंक प्रबंधकों के साथ बैठक

12 सितम्बर को आयोजित होगी राष्ट्रीय लोक अदालत, बैंक ऋण से जुड़े अधिकाधिक प्रकरणों के निस्तारण पर जोर
फिरोजाबाद, 25 अगस्त। माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में आगामी 12 सितम्बर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फिरोजाबाद की सचिव की अध्यक्षता में जनपद के समस्त बैंक प्रबंधकों एवं प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में बैंक ऋण से संबंधित प्री-लिटिगेशन एवं लंबित मामलों के अधिकाधिक निस्तारण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सचिव द्वारा बैंक प्रबंधकों को समझौता योग्य प्रकरणों को प्राथमिकता से चिन्हित कर संबंधित पक्षकारों को समय से नोटिस भेजने तथा प्रभावी संपर्क स्थापित कर आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही राष्ट्रीय लोक अदालत का बैंक स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने और ऋण संबंधी मामलों के पक्षकारों को लोक अदालत के माध्यम से विवादों के त्वरित, सुलभ एवं सौहार्दपूर्ण समाधान के लाभों की जानकारी देने पर जोर दिया गया।
बैठक में बैंक प्रबंधकों से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए अधिक से अधिक प्रकरण राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए संदर्भित कराने और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में सहयोग प्रदान करने की अपेक्षा की गई।

अंत में सभी बैंक प्रबंधकों एवं प्रतिनिधियों ने आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने तथा बैंक ऋण संबंधी अधिकाधिक मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फिरोजाबाद



