जसराना तहसील में आयोजित हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस, डीएम-एसएसपी ने सुनीं 204 शिकायतें
मौके पर 11 मामलों का हुआ निस्तारण, शेष शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए अधिकारियों को एक सप्ताह का समय

जसराना तहसील में आयोजित हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस, डीएम-एसएसपी ने सुनीं 204 शिकायतें
मौके पर 11 मामलों का हुआ निस्तारण, शेष शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए अधिकारियों को एक सप्ताह का समय
फिरोजाबाद। जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से शनिवार को जसराना तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने की। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 204 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि प्रत्येक फरियादी अपनी समस्या के समाधान की उम्मीद लेकर सरकारी कार्यालय आता है, इसलिए किसी भी व्यक्ति को निराश होकर वापस नहीं लौटना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से समाधान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने उप जिलाधिकारी एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी जसराना को निर्देश दिए कि समाधान दिवस की समाप्ति के बाद राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर जमीनी विवाद, अतिक्रमण एवं सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे से जुड़े मामलों का मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें तथा शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई से अवगत भी कराएं।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान सबसे अधिक शिकायतें राजस्व, विद्युत, पुलिस, अवैध कब्जा, जलभराव, राशन, ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था, जमीनी विवाद, अतिक्रमण, आवास एवं शौचालय से संबंधित प्राप्त हुईं।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, डीएफओ भानेन्द्र सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी राम बदन राम, बेसिक शिक्षा अधिकारी, परियोजना निदेशक, उप जिलाधिकारी जसराना, पुलिस क्षेत्राधिकारी जसराना सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




