फिरोजाबाद में SSP आदित्य लांग्हे ने उद्योगपतियों संग की बैठक, समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
पुलिस लाइन सभागार में हुई बैठक में सुरक्षा, साइबर अपराध, कानून-व्यवस्था और औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं पर हुई चर्चा, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश।

फिरोजाबाद में SSP आदित्य लांग्हे ने उद्योगपतियों संग की बैठक, समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
पुलिस लाइन सभागार में हुई बैठक में सुरक्षा, साइबर अपराध, कानून-व्यवस्था और औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं पर हुई चर्चा, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश।
फिरोजाबाद। जनपद के उद्योगों की सुरक्षा एवं औद्योगिक क्षेत्रों में बेहतर कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री आदित्य लांग्हे ने पुलिस लाइन सभागार में उद्योगपतियों एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
बैठक के दौरान उद्योगपतियों ने अपने प्रतिष्ठानों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, साइबर अपराध, श्रमिकों की सुरक्षा सहित विभिन्न प्रशासनिक एवं पुलिस संबंधी समस्याओं और सुझावों को SSP के समक्ष रखा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
SSP आदित्य लांग्हे ने कहा कि जनपद में उद्योगों के सुरक्षित एवं सुचारु संचालन के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है, ताकि उद्योगपति निर्भय होकर अपने प्रतिष्ठानों का संचालन कर सकें।
उन्होंने उद्योगपतियों से अपील की कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, संदिग्ध व्यक्ति या साइबर अपराध की जानकारी मिले तो तत्काल स्थानीय पुलिस या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें, जिससे समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
बैठक में उपस्थित उद्योगपतियों ने पुलिस प्रशासन द्वारा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनने और त्वरित समाधान के प्रति दिखाई गई प्रतिबद्धता की सराहना की।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक लाइन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।




