
मैनपुरी। थाना एलाऊ क्षेत्र के ग्राम रतनपुर किरकिच में बुधवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। आलू के खेत की रखवाली करने गए 22 वर्षीय युवक आलोक शाक्य की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आलोक शाक्य पुत्र स्वर्गीय प्रहलाद सिंह बुधवार रात खाना खाने के बाद अपने खेत पर बने कमरे में आलू और भूसे की रखवाली करने गया था। रात करीब 8 बजे अज्ञात हमलावर कमरे में घुस आए और उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमलावरों ने गला रेतकर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।
मौके से गुजर रहे एक ग्रामीण ने कमरे के अंदर से आवाज सुनी और गांव वालों को सूचना दी। जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक युवक की मौत हो चुकी थी और हमलावर फरार हो चुके थे।
सूचना मिलते ही थाना एलाऊ पुलिस मौके पर पहुंच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। परिजनों ने किसी भी पुरानी रंजिश से इनकार किया है।

मैनपुरी से पत्रकार मोहित गुप्ता की रिपोर्ट




