तीन दिन से लापता 9 वर्षीय मासूम का तालाब में मिला शव, गांव में मातम
शौच के लिए घर से निकला था जगमोहन, गुमशुदगी दर्ज होने के बाद भी नहीं लगा सुराग, पुलिस जांच में जुटी।
तीन दिन से लापता 9 वर्षीय मासूम का तालाब में मिला शव, गांव में मातम

शौच के लिए घर से निकला था जगमोहन, गुमशुदगी दर्ज होने के बाद भी नहीं लगा सुराग, पुलिस जांच में जुटी।

फिरोजाबाद। जनपद के थाना अरांव क्षेत्र के बामई गांव में तीन दिन से लापता 9 वर्षीय मासूम का शव तालाब में मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि 9 वर्षीय जगमोहन तीन दिन पहले शौच जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा तो परिजनों ने थाना अरांव में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद भी परिवार और ग्रामीण लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।
सोमवार को गांव के तालाब में एक बच्चे का शव दिखाई देने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान जगमोहन के रूप में की। शव मिलने की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना मिलते ही थाना अरांव पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चे की मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।




