स्कूल चलो अभियान’ के दूसरे चरण का आगाज: डीएम और एसएसपी ने जसराना से वृहद नामांकन रैली को दिखाई हरी झंडी
सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने रैली निकालकर अभिभावकों को बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने के लिए किया जागरूक, अधिकारियों ने शिक्षा से कोई बच्चा वंचित न रहने की अपील की।

स्कूल चलो अभियान’ के दूसरे चरण का आगाज: डीएम और एसएसपी ने जसराना से वृहद नामांकन रैली को दिखाई हरी झंडी
सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने रैली निकालकर अभिभावकों को बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने के लिए किया जागरूक, अधिकारियों ने शिक्षा से कोई बच्चा वंचित न रहने की अपील की।
फिरोजाबाद। माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों के नामांकन को बढ़ावा देने और शिक्षा के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शनिवार को जसराना में ‘स्कूल चलो अभियान’ के द्वितीय चरण के अंतर्गत वृहद नामांकन जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे तथा जिला विद्यालय निरीक्षक मुदिता पांडेय ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया।
महानिदेशक, स्कूल शिक्षा, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित यह रैली प्रातः 9:30 बजे राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, जसराना से प्रारंभ होकर जसराना तहसील तक निकाली गई। रैली के माध्यम से क्षेत्र के अभिभावकों को अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने के लिए प्रेरित किया गया।
रैली में विभिन्न विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने हाथों में बैनर, स्लोगन लिखी तख्तियां और आकर्षक पेंटिंग लेकर शिक्षा का संदेश दिया तथा लोगों से प्रत्येक बच्चे को विद्यालय भेजने की अपील की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का समय पर विद्यालय में नामांकन कराएं और उन्हें नियमित रूप से पढ़ाई के लिए प्रेरित करें।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे और जिला विद्यालय निरीक्षक मुदिता पांडेय ने भी जसराना क्षेत्र के अभिभावकों से अभियान में सहयोग करने तथा किसी भी बच्चे को शिक्षा से वंचित न रहने देने की अपील की।
रैली में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, जसराना, लोक राष्ट्रीय इंटर कॉलेज, जसराना तथा आदर्श जनता इंटर कॉलेज, मुस्तफाबाद रोड, जसराना के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों ने शिक्षकों, अभिभावकों और आमजन से “स्कूल चलो अभियान” को शत-प्रतिशत सफल बनाने का आह्वान किया, ताकि प्रत्येक पात्र बच्चा विद्यालय से जुड़कर अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर कदम बढ़ा सके।




