9 करोड़ की योजनाओं के बीच आधे घंटे गुल रही बिजली, कार्यक्रम में मचा हड़कंप
जनरेटर बंद होने पर कर्मचारियों को लगी फटकार, व्यवस्था पर उठे सवाल
फिरोजाबाद : 9 करोड़ की योजनाओं के बीच आधे घंटे गुल रही बिजली, कार्यक्रम में मचा हड़कंप

फिरोजाबाद के जसराना क्षेत्र में आयोजित पर्यटन एवं विकास योजनाओं के लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब कार्यक्रम के बीच करीब आधे घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप हो गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह मौजूद थे।

बताया गया कि कार्यक्रम के दौरान अचानक बिजली चली गई, जिसके बाद जनरेटर भी समय पर चालू नहीं हो सका। मंच पर अंधेरा छा जाने से कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। मंत्री के संबोधन के दौरान आई इस अव्यवस्था को लेकर अधिकारियों में अफरा-तफरी दिखाई दी।
सूत्रों के अनुसार, जनरेटर बंद होने पर अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों के बीच बिजली संकट और अव्यवस्थाएं चर्चा का विषय बनी रहीं।
इस दौरान लगभग 872 लाख रुपये की विभिन्न विकास एवं पर्यटन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। इनमें परीक्षित कुण्ड से जखईया मंदिर तक पर्यटन विकास से जुड़ी योजनाएं भी शामिल रहीं।
हालांकि करोड़ों रुपये की योजनाओं के शुभारंभ के बीच खराब व्यवस्थाओं ने पूरे आयोजन का माहौल फीका कर दिया। बताया जा रहा है कि बिजली संकट और अव्यवस्थाओं के चलते मंत्री निर्धारित कार्यक्रम से पहले ही रवाना हो गए।
कार्यक्रम के दौरान हुई इस घटना के बाद प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठने लगे हैं।




