गाजियाबाद से लापता युवती फिरोजाबाद स्टेशन पर घायल मिली, दुष्कर्म की आशंका
प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर गंभीर हालत में मिली युवती, जीआरपी ने ट्रॉमा सेंटर में कराया भर्ती
गाजियाबाद से लापता युवती फिरोजाबाद स्टेशन पर घायल मिली, दुष्कर्म की आशंका

प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर गंभीर हालत में मिली युवती, जीआरपी ने ट्रॉमा सेंटर में कराया भर्ती

फिरोजाबाद। गाजियाबाद से लापता एक युवती बुधवार देर रात फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर गंभीर घायल अवस्था में मिली। जीआरपी ने युवती को तत्काल सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। दुष्कर्म की आशंका के चलते मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में युवती ने पुलिस को बताया कि एक युवक उसे शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया था। आरोप है कि कई दिनों तक उसे बंधक बनाकर रखा गया और बाद में धारदार व भारी वस्तुओं से हमला कर घायल कर दिया गया। इसके बाद आरोपी उसे रेलवे स्टेशन पर छोड़कर फरार हो गया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही जीआरपी, जांच में जुटी दोनों जिलों की पुलिस
जीआरपी द्वारा रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फुटेज में एक युवक और एक बुजुर्ग व्यक्ति युवती के साथ दिखाई दिए हैं। घटना की सूचना गाजियाबाद पुलिस को दे दी गई है और दोनों जिलों की पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




