फिरोजाबाद में फायर और इलेक्ट्रिकल सेफ्टी पर प्रशासन सख्त, डीएम-एसएसपी ने ट्रॉमा सेंटर का किया औचक निरीक्षण
जनपदभर में शुरू हुआ विशेष जांच अभियान, अस्पतालों, कोचिंग सेंटरों, होटलों और बहुमंजिला इमारतों की होगी गहन जांच

फिरोजाबाद में फायर और इलेक्ट्रिकल सेफ्टी पर प्रशासन सख्त, डीएम-एसएसपी ने ट्रॉमा सेंटर का किया औचक निरीक्षण
जनपदभर में शुरू हुआ विशेष जांच अभियान, अस्पतालों, कोचिंग सेंटरों, होटलों और बहुमंजिला इमारतों की होगी गहन जांच
फिरोजाबाद। जनपद में संभावित अग्निकांडों की घटनाओं को रोकने तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने व्यापक एवं सघन निरीक्षण अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने संयुक्त रूप से ट्रॉमा सेंटर का औचक निरीक्षण कर अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा मानकों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद की सभी बहुमंजिला इमारतों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, ट्रॉमा सेंटर, अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों, विद्यालयों, कोचिंग सेंटरों, होटलों और मॉल की गहन जांच कराई जा रही है। अभियान का उद्देश्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करना और संभावित दुर्घटनाओं को रोकना है।
पूरे जनपद को कवर करने के लिए प्रशासन द्वारा छह विशेष संयुक्त टीमें गठित की गई हैं। शहरी क्षेत्रों में इन टीमों का नेतृत्व सिटी मजिस्ट्रेट करेंगे, जबकि ग्रामीण एवं अन्य क्षेत्रों में संबंधित उप जिलाधिकारी निरीक्षण कार्य की निगरानी करेंगे। प्रत्येक टीम में पुलिस अधिकारी, अग्निशमन विभाग के अधिकारी तथा संबंधित विभागों के प्रतिनिधि शामिल किए गए हैं। विकास प्राधिकरण क्षेत्र में प्राधिकरण के अधिकारी और नगर निगम क्षेत्र में नगर निगम के अधिकारी भी टीम का हिस्सा हैं।
प्रशासन ने फायर सेफ्टी के साथ-साथ विद्युत सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया है। इसके लिए अलग से तकनीकी टीमों को लगाया गया है, जो विद्युत व्यवस्थाओं का ऑडिट कर शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाओं की संभावनाओं का आकलन कर रही हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष होगी और सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की कमी या नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने ट्रॉमा सेंटर में भर्ती मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। मरीजों ने बताया कि उन्हें समय पर दवाएं एवं उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नवीन जैन को निर्देश दिए कि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए और सभी स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रूप से संचालित रहें।
इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडे, अग्निशमन विभाग के अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




