Welcome to PCTNews   Click to listen highlighted text! Welcome to PCTNews
यूपीराज्य

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिरोजाबाद को दी 658 करोड़ की 81 विकास परियोजनाओं की सौगात

उसायनी में आयोजित भव्य कार्यक्रम में किया लोकार्पण-शिलान्यास, लाभार्थियों को आवास की चाबियां और योजनाओं के प्रमाण पत्र वितरित

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिरोजाबाद को दी 658 करोड़ की 81 विकास परियोजनाओं की सौगात

 

उसायनी में आयोजित भव्य कार्यक्रम में किया लोकार्पण-शिलान्यास, लाभार्थियों को आवास की चाबियां और योजनाओं के प्रमाण पत्र वितरित

फिरोजाबाद, 22 जून। सुहाग नगरी फिरोजाबाद को सोमवार को विकास की नई सौगात मिली, जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टूण्डला तहसील के ग्राम पंचायत उसायनी में आयोजित भव्य समारोह में जनपद के लिए 658 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 81 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ किया तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लाभार्थियों को आवास की चाबियां भी सौंपीं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, चेक एवं उपकरण वितरित किए। शिकोहाबाद विधानसभा क्षेत्र में 139 करोड़ रुपये की 19 परियोजनाओं का लोकार्पण और 67 करोड़ रुपये की 22 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। वहीं टूण्डला विधानसभा क्षेत्र में 94 करोड़ रुपये की 14 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 358 करोड़ रुपये की 26 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश माफिया, गुंडों और उपद्रवियों से मुक्त होकर विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 15 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन, 10 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा, 65 लाख गरीब परिवारों को आवास और 2 करोड़ परिवारों को निःशुल्क रसोई गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही लाखों किसानों के निजी नलकूपों के बिजली बिल भी माफ किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने फिरोजाबाद के कांच एवं ग्लास उद्योग की सराहना करते हुए कहा कि यहां के कारीगरों और उद्यमियों ने नई तकनीक और बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार कर चीन जैसे देशों को भी प्रतिस्पर्धा में पीछे छोड़ा है। उन्होंने कहा कि फिरोजाबाद के उत्पाद आज “लोकल से ग्लोबल” की यात्रा तय कर रहे हैं और विश्वभर में अपनी पहचान बना रहे हैं।

उन्होंने कहा कि त्योहारों और धार्मिक आयोजनों में चीनी उत्पादों के स्थान पर अब फिरोजाबाद में निर्मित भगवान गणेश, रामदरबार, राधा-कृष्ण, भगवान शिव और बुद्ध की कांच की प्रतिमाएं लोगों की पहली पसंद बन रही हैं।

मुख्यमंत्री ने जनपद में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा स्थापित होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके योगदान को सनातन संस्कृति के पुनरोद्धार में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार उनके सम्मान में विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है।

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य की छवि से निकलकर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि फिरोजाबाद को पर्यटन हब के रूप में विकसित किया जा रहा है।

इस अवसर पर सदर विधायक मनीष असीजा, टूण्डला विधायक प्रेमपाल धनगर, मेयर कामिनी राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष हर्षिता सुमित प्रताप सिंह, विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे, महानगर अध्यक्ष सतीश दिवाकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास एवं जनकल्याण योजनाओं से संबंधित स्टॉलों का भी अवलोकन किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!