
बैंक ऑफ इंडिया में गोल्ड गबन कांड: 4 और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 7 लोग पुलिस की गिरफ्त में
अरांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बैंक में रखे गोल्ड पैकेट्स के गबन मामले में चौहान ढाबा के पास से दबोचे गए आरोपी, एक दिन पहले ब्रांच मैनेजर समेत तीन बैंककर्मी हुए थे गिरफ्तार।
फिरोजाबाद। जनपद के थाना अरांव क्षेत्र स्थित ग्राम भारौल की बैंक ऑफ इंडिया शाखा में करोड़ों रुपये मूल्य के गोल्ड पैकेट्स के गबन मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना अरांव पुलिस ने इस चर्चित मामले में वांछित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले 18 जून को बैंक के ब्रांच मैनेजर समेत तीन बैंककर्मियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी सिरसागंज के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने मुकदमा संख्या 082/2026 में वांछित चार आरोपियों को चौहान ढाबा के पास से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में राहुल निवासी इटावा हाल निवासी शिकोहाबाद, भानू प्रताप सिंह निवासी यादव कॉलोनी शिकोहाबाद, अंकुर निवासी बड़ा बाजार शिकोहाबाद तथा ऋषभ चौहान निवासी गढ़ैया बड़ा बाजार शिकोहाबाद शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार बैंक में सुरक्षित रखे गए गोल्ड पैकेट्स के गबन के मामले में इन आरोपियों की भूमिका सामने आने के बाद उनकी तलाश की जा रही थी। लगातार दबिश और निगरानी के बाद पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि इस सनसनीखेज गबन कांड में अब तक कुल सात लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य तथ्यों को भी खंगाल रही है।




