Welcome to PCTNews   Click to listen highlighted text! Welcome to PCTNews
यूपीराज्यलोकल न्यूज़

कन्या सुमंगला योजना से बेटियों का भविष्य होगा उज्ज्वल, जिला अस्पताल में नवजात कन्याओं को वितरित की गई बेबी किट

राज्य महिला आयोग सदस्य मीना कुमारी ने कहा – बेटियां किसी से कम नहीं, सरकार जन्म से शिक्षा तक दे रही हर संभव सहयोग

कन्या सुमंगला योजना से बेटियों का भविष्य होगा उज्ज्वल, जिला अस्पताल में नवजात कन्याओं को वितरित की गई बेबी किट

राज्य महिला आयोग सदस्य मीना कुमारी ने कहा – बेटियां किसी से कम नहीं, सरकार जन्म से शिक्षा तक दे रही हर संभव सहयोग

फिरोजाबाद। जिला अस्पताल परिसर स्थित सय्या अस्पताल के प्रसूति विभाग में महिला कल्याण विभाग द्वारा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को लेकर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती मीना कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ एसडीएम सदर, सीएमएस डॉ. नवीन जैन, महिला कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, मेडिकल स्टाफ, प्रसूता महिलाएं एवं उनके परिजन मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन की अधिकारी अनम अकाशा ने किया। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की यह महत्वाकांक्षी योजना बेटियों को जन्म से लेकर उच्च शिक्षा तक आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें सशक्त बनाने का कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत पात्र परिवार की दो बालिकाओं को कुल 25 हजार रुपये की सहायता छह चरणों में प्रदान की जाती है। जन्म, टीकाकरण और विभिन्न शैक्षिक स्तरों पर मिलने वाली यह सहायता बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और समग्र विकास को सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना का उद्देश्य कन्या भ्रूण हत्या और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों पर रोक लगाते हुए बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना है।

मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग सदस्य श्रीमती मीना कुमारी ने कहा कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं हैं। प्रदेश सरकार महिलाओं और बेटियों के सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रभावी योजनाएं संचालित कर रही है। कन्या सुमंगला योजना, डाकघर बचत योजनाएं एवं अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रम बेटियों के बेहतर भविष्य की मजबूत नींव रख रहे हैं।

उन्होंने परिवारों से अपील की कि वे बेटियों को बेहतर शिक्षा, पोषण और समान अवसर प्रदान करें, जिससे वे समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

कार्यक्रम के दौरान नवजात कन्याओं के स्वागत में केक काटा गया तथा 20 नवजात बालिकाओं को बेबी किट वितरित की गई। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की शपथ भी ली।

कार्यक्रम के समापन के बाद अधिकारियों द्वारा अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी मिथलेश सिंह, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. दिव्या, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. नैन्सी यादव, एचडीओ सौरभ प्रकाश श्रीवास्तव सहित अस्पताल के चिकित्सक एवं समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!