फिरोजाबाद में मालगाड़ी की बोगी में लगी भीषण आग, कई चार पहिया वाहन जलकर खाक
रूपसपुर पुल के पास हुआ हादसा, फायर ब्रिगेड की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू

फिरोजाबाद में मालगाड़ी की बोगी में लगी भीषण आग, कई चार पहिया वाहन जलकर खाक

रूपसपुर पुल के पास हुआ हादसा, फायर ब्रिगेड की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू

फिरोजाबाद। बुधवार को फिरोजाबाद जनपद में उस समय हड़कंप मच गया जब दिल्ली से कानपुर की ओर जा रही एक मालगाड़ी की बोगी में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने से बोगी में लदे कई चार पहिया वाहन जलकर पूरी तरह खाक हो गए। घटना रूपसपुर पुल के समीप हुई, जहां आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मालगाड़ी की एक बोगी में अचानक आग लग गई, जिसके बाद आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते बोगी में रखे चार पहिया वाहन आग की चपेट में आ गए और जलकर नष्ट हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर रेलवे अधिकारी, पुलिस और प्रशासनिक टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहीं फायर ब्रिगेड की आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों को आग बुझाने के लिए लगाया गया। काफी देर तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे ट्रैक के आसपास लोगों की आवाजाही रोक दी गई। रेलवे अधिकारियों ने आग लगी बोगी को मालगाड़ी से अलग कराया, जिसके बाद शेष ट्रेन को उसके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन बोगी में लदे कई वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। रेलवे और संबंधित विभागों द्वारा मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।



