मुहर्रम से पहले प्रशासन अलर्ट, शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
डीएम-एसएसपी ने धर्मगुरुओं और व्यापारियों संग की पीस कमेटी बैठक, अफवाह फैलाने वालों को चेतावनी

मुहर्रम से पहले प्रशासन अलर्ट, शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
डीएम-एसएसपी ने धर्मगुरुओं और व्यापारियों संग की पीस कमेटी बैठक, अफवाह फैलाने वालों को चेतावनी
फिरोजाबाद। आगामी मुहर्रम और अन्य त्योहारों को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने साफ संदेश दिया कि जनपद की शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
बैठक में धर्मगुरुओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और शांति समिति के सदस्यों को बुलाकर प्रशासन ने कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।
एसएसपी ने धर्मगुरुओं से अपने-अपने समुदायों में भाईचारा, संयम और सामाजिक सौहार्द का संदेश पहुंचाने का अनुरोध किया। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की जानकारी तत्काल पुलिस और प्रशासन को देने की अपील की गई।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि मुहर्रम सहित सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और निगरानी बढ़ाई जाएगी।
जिलाधिकारी और एसएसपी ने दो टूक कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने, अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने जनपदवासियों से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
बैठक में नगर आयुक्त, अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण, सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। :::




