गैंगस्टर एक्ट में वांछित चार बदमाश दबोचे, रामगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
अपराध की दुनिया में सक्रिय गैंग पर शिकंजा, कई संगीन मामलों में पहले से दर्ज हैं मुकदमे

गैंगस्टर एक्ट में वांछित चार बदमाश दबोचे, रामगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
अपराध की दुनिया में सक्रिय गैंग पर शिकंजा, कई संगीन मामलों में पहले से दर्ज हैं मुकदमे
फिरोजाबाद। जनपद में वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रामगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गैंगस्टर एक्ट में वांछित चार आरोपियों को पुलिस ने उनके ठिकानों से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों पर चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य संगीन धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में थाना रामगढ़ पुलिस टीम ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमा संख्या 345/26 में वांछित मोमीन उर्फ अली हुसैन, आरिफ उर्फ टिक्कुल, समीर तथा मोहसिम उर्फ नंगा को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का एक संगठित आपराधिक गिरोह रहा है, जो विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। आरोपियों के खिलाफ पहले से चोरी, मारपीट, लूट, अवैध हथियार रखने और अन्य गंभीर अपराधों के कई मुकदमे दर्ज हैं। गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई के बाद इन अपराधियों की तलाश की जा रही थी।
थाना रामगढ़ पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार दुबे, उपनिरीक्षक रोहित तोमर, उपनिरीक्षक राजकुमार समेत थाना रामगढ़ की पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




