Welcome to PCTNews   Click to listen highlighted text! Welcome to PCTNews
यूपीराज्यलोकल न्यूज़

किसान हितों में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: डीएम संतोष कुमार शर्मा

फार्मर रजिस्ट्री कार्य की समीक्षा में अधिकारियों को सख्त चेतावनी, 3 दिन में लंबित मामलों के निस्तारण के निर्देश

किसान हितों में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: डीएम संतोष कुमार शर्मा

फार्मर रजिस्ट्री कार्य की समीक्षा में अधिकारियों को सख्त चेतावनी, 3 दिन में लंबित मामलों के निस्तारण के निर्देश

फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कलेक्ट्रेट सभागार में वर्ष 2026-27 के लिए चल रहे फार्मर रजिस्ट्री कार्य की तहसीलवार एवं विकास खण्डवार प्रगति की कड़ी समीक्षा की। समीक्षा बैठक में डीएम ने स्पष्ट कहा कि फार्मर रजिस्ट्री कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह योजना सीधे किसानों के हितों और सरकारी योजनाओं के लाभ से जुड़ी हुई है, इसलिए इसमें देरी अक्षम्य होगी।
जसराना और सिरसागंज की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी
बैठक में सामने आया कि तहसील जसराना की प्रगति 65.89 प्रतिशत और सिरसागंज की 65.97 प्रतिशत रही, जो जनपद के औसत 73.23 प्रतिशत से काफी कम है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों को फटकार लगाते हुए व्यक्तिगत रुचि लेकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
2,325 मामले लेखपाल स्तर पर लंबित, 3 दिन का अल्टीमेटम
समीक्षा में यह भी पाया गया कि पूरे जनपद में लेखपाल स्तर पर 2,325 सत्यापन मामले लंबित हैं, जिनमें सबसे अधिक 1,082 मामले जसराना तहसील में हैं। डीएम ने निर्देश दिया कि अगले तीन दिनों के भीतर सभी लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
मृतक कृषकों के प्रमाण पत्र अपलोड करने की रफ्तार धीमी
जनपद में चिन्हित 9,963 मृतक कृषकों के सापेक्ष अब तक केवल 5,346 मृत्यु प्रमाण पत्र ही प्राप्त हो सके हैं। पीएम किसान पोर्टल पर इनके अपलोड की गति धीमी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने तत्काल समन्वय स्थापित कर सभी शेष प्रमाण पत्र अपलोड कराने के निर्देश दिए।
इन तहसीलों और ब्लॉकों का प्रदर्शन रहा बेहतर
टूंडला और शिकोहाबाद तहसील ने किया उत्कृष्ट कार्य
तहसील स्तर पर टूंडला ने 86.89 प्रतिशत और शिकोहाबाद ने 86.65 प्रतिशत प्रगति दर्ज कर बेहतर प्रदर्शन किया।
हाथवंत और नारखी ब्लॉक ने लक्ष्य से अधिक किया काम
विकास खण्ड स्तर पर हाथवंत ब्लॉक ने 102.65 प्रतिशत और नारखी ब्लॉक ने 100.52 प्रतिशत प्रगति दर्ज कर लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल की, जिसकी जिलाधिकारी ने सराहना की।
अपूर्ण सूचनाओं पर भी जताई नाराजगी
जिलाधिकारी ने पाया कि तहसील फिरोजाबाद और जसराना द्वारा राजस्व ग्रामवार कृषकों की अपेक्षित संख्या और विभिन्न कारणों से फार्मर रजिस्ट्री से वंचित किसानों की सूची अब तक पूरी नहीं की गई है। उन्होंने दोनों तहसीलों को तत्काल रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं सिरसागंज के चकबंदी क्षेत्र के 6 राजस्व ग्रामों के 6,294 कृषकों के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने को कहा गया।
“एक भी पात्र किसान वंचित हुआ तो होगी कार्रवाई” — डीएम
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही से कोई पात्र किसान रजिस्ट्री से वंचित रहता है तो संबंधित के खिलाफ कठोर विभागीय एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को फील्ड में उतरकर कार्य की दैनिक निगरानी करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!