यूपीराज्यलोकल न्यूज़

स्थायी लोक अदालत एवं मध्यस्थता प्रक्रिया को लेकर अधिवक्ताओं का संवेदीकरण कार्यक्रम आयोजित

स्थायी लोक अदालत एवं मध्यस्थता प्रक्रिया को लेकर अधिवक्ताओं का संवेदीकरण कार्यक्रम आयोजित

फिरोजाबाद, 18 अगस्त 2026।
जनपद न्यायालय परिसर, फिरोजाबाद में मंगलवार को स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली, अधिकारिता एवं मध्यस्थता प्रक्रिया को लेकर अधिवक्ताओं के लिए संवेदीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिवक्ताओं को वैकल्पिक विवाद समाधान की प्रभावी व्यवस्थाओं से अवगत कराना तथा आमजन को त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण न्याय दिलाने में इनकी भूमिका को रेखांकित करना रहा।

कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय फिरोजाबाद श्री अरविंद कुमार सिंह, अध्यक्ष स्थायी लोक अदालत फिरोजाबाद श्री मुकेश कुमार सिंघल तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फिरोजाबाद की गरिमामयी उपस्थिति रही। जनपद के अधिवक्ताओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के दौरान स्थायी लोक अदालत की भूमिका एवं उद्देश्यों पर विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि लोक उपयोगी सेवाओं से संबंधित विवादों के सरल, त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए स्थायी लोक अदालत महत्वपूर्ण वैकल्पिक विवाद समाधान मंच है। अधिवक्ताओं को प्री-लिटिगेशन स्तर पर विवादों के समाधान तथा स्थायी लोक अदालत के समक्ष प्रस्तुत किए जा सकने वाले मामलों की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई।

वहीं, मध्यस्थता प्रक्रिया के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। बताया गया कि मध्यस्थता के माध्यम से पक्षकार आपसी संवाद, समझ और सहमति के आधार पर अपने विवाद का समाधान तलाश सकते हैं। इससे समय एवं संसाधनों की बचत होने के साथ-साथ न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ कम करने में भी सहायता मिलती है।

कार्यक्रम में अधिवक्ताओं से अपील की गई कि वे अपने मुवक्किलों को उपयुक्त मामलों में स्थायी लोक अदालत एवं मध्यस्थता जैसे वैकल्पिक विवाद समाधान के माध्यमों की जानकारी दें और आपसी सहमति से विवादों के समाधान के लिए प्रेरित करें।

इस दौरान अधिवक्ताओं ने विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया और अपनी जिज्ञासाएं भी रखीं। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि विवादों का समाधान केवल न्यायालय के निर्णय से ही नहीं, बल्कि संवाद, समझ और सहमति के माध्यम से भी संभव है।

कार्यक्रम के अंत में अधिवक्ताओं से वैकल्पिक विवाद समाधान की इन प्रभावी व्यवस्थाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा इनके लाभ आमजन तक पहुंचाने में सक्रिय सहयोग की अपेक्षा की गई।

स्रोत: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फिरोजाबाद

Pink City Times | PCT News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!