नाली विवाद में खूनी संघर्ष, जानलेवा हमले के 4 आरोपी चाकू- दरांती समेत गिरफ्तार
लाइनपार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हत्या के प्रयास के मुकदमे में वांछित अभियुक्त दबोचे गए — दो अवैध चाकू और दो दरांतियां बरामद

नाली विवाद में खूनी संघर्ष, जानलेवा हमले के 4 आरोपी चाकू- दरांती समेत गिरफ्तार
लाइनपार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हत्या के प्रयास के मुकदमे में वांछित अभियुक्त दबोचे गए — दो अवैध चाकू और दो दरांतियां बरामद
फिरोजाबाद के थाना लाइनपार क्षेत्र में नाली के विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। पड़ोसियों के बीच हुए विवाद में धारदार हथियारों से जानलेवा हमला करने वाले चार आरोपियों को लाइनपार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 2 अवैध चाकू और 2 दरांतियां भी बरामद की हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना लाइनपार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास के मुकदमे में वांछित अभियुक्त अंकुश, चुन्नुआ उर्फ सूरज, पप्पू उर्फ प्रभुदयाल और सुनील को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी ग्राम कुर्री कूपा थाना लाइनपार के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 20 मई 2026 को ग्राम कुर्री कूपा में नाली को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने चाकू और दरांती से हमला कर वादी पक्ष और उसके परिजनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में थाना लाइनपार पर हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
थाना लाइनपार पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गुदाऊशाला से ग्राम वासुदेवपुर जाने वाले रास्ते से चारों आरोपियों को दबोच लिया। बरामद अवैध चाकुओं के आधार पर आरोपी अंकुश और सुनील के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अंकुर चौहान, उपनिरीक्षक संजीव कुमार, उपनिरीक्षक राजेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।




