सुहाग नगरी में शिक्षा की नई पहल, चूड़ी कामगार परिवारों के बच्चों हेतु ‘कोमल पाठशाला’ का शुभारंभ
कोमल फाउंडेशन, सहायता संपर्क संस्था और वीरांगना झलकारी बाई यूथ क्लब की पहल से चला ‘स्कूल चलो अभियान’
सुहाग नगरी में शिक्षा की नई पहल, चूड़ी कामगार परिवारों के बच्चों हेतु ‘कोमल पाठशाला’ का शुभारंभ

कोमल फाउंडेशन, सहायता संपर्क संस्था और वीरांगना झलकारी बाई यूथ क्लब की पहल से चला ‘स्कूल चलो अभियान’

फिरोजाबाद। सुहाग नगरी में चूड़ी कामगार परिवारों के बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए कोमल फाउंडेशन द्वारा सहायता संपर्क संस्था, गाजियाबाद के सहयोग से गंगा नगर, गली नंबर-2, नई आबादी रहना क्षेत्र में ‘कोमल पाठशाला’ का शुभारंभ किया गया। इस पाठशाला के माध्यम से क्षेत्र के जरूरतमंद एवं श्रमिक परिवारों के बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी, जिससे वे बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर हो सकें।

कोमल पाठशाला का उद्घाटन राज्य युवा पुरस्कार विजेता एवं कोमल फाउंडेशन के अध्यक्ष अश्वनी कुमार राजौरिया ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव है। चूड़ी उद्योग से जुड़े श्रमिक परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना संस्था का मुख्य उद्देश्य है, ताकि कोई भी बच्चा आर्थिक अभाव के कारण शिक्षा से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि कोमल फाउंडेशन लगातार समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता के क्षेत्र में कार्य कर रहा है और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी प्रयास जारी रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान डाबर इंडिया लिमिटेड के सहयोग से संचालित न्यूट्रीशन सपोर्ट प्रोग्राम के अंतर्गत सभी बच्चों को डाबर ग्लूकोप्लस-सी, डाबर हाजमोला, डाबर वाटिका कोकोनट हेयर ऑयल, डाबर गुलाबरी नहाने का साबुन एवं डाबर टूथपेस्ट का वितरण भी किया गया। बच्चों ने उपहार पाकर खुशी जाहिर की।
कार्यक्रम में वीरांगना झलकारी बाई यूथ क्लब द्वारा ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत लोगों को बच्चों को स्कूल भेजने और शिक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। अभियान के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
इस अवसर पर कोमल पाठशाला की शिक्षिका पूजा यादव, अजय कुमार यादव, श्रीमती रेनू देवी, लवी गुप्ता, सृष्टि सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




