Welcome to PCTNews   Click to listen highlighted text! Welcome to PCTNews
यूपीराज्यलोकल न्यूज़

फिरोजाबाद में भव्यता से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, डीएम ने दिलाया जनहित में कर्तव्य निभाने का संकल्प

कलेक्ट्रेट में डीएम संतोष कुमार शर्मा ने किया ध्वजारोहण, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों का सम्मान; स्कूली बच्चों ने प्रस्तुत किए देशभक्ति कार्यक्रम

फिरोजाबाद में भव्यता से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, डीएम ने दिलाया जनहित में कर्तव्य निभाने का संकल्प

 

कलेक्ट्रेट में डीएम संतोष कुमार शर्मा ने किया ध्वजारोहण, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों का सम्मान; स्कूली बच्चों ने प्रस्तुत किए देशभक्ति कार्यक्रम

फिरोजाबाद। देशभर के साथ जनपद फिरोजाबाद में भी 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में भव्य रूप से मनाया गया। जनपद के हर वर्ग—वृद्ध, युवा, बच्चे और महिलाओं सहित नागरिकों ने अपने-अपने तरीके से स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाया। मुख्य कार्यक्रम कलेक्ट्रेट परिसर और पुलिस लाइन में आयोजित हुए।

 

कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कल्पना जायसवाल, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अरविंद द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया।

 

इस अवसर पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि लगभग 200 वर्षों की परतंत्रता के बाद इंडियन इंडिपेंडेंस एक्ट 1947 के तहत देश को आजादी मिली। स्वतंत्रता के बाद भारत ने सुई के निर्माण से लेकर अंतरिक्ष तक शानदार यात्रा तय की है और विभिन्न क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।

 

उन्होंने कहा कि समकालीन आजाद देशों की तुलना में भारत के नागरिकों ने लोकतंत्र में निरंतर आस्था व्यक्त की है, जिससे देश का लोकतंत्र दिनों-दिन मजबूत हुआ है। आज भारत संचार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छू रहा है। हरित क्रांति के बाद देश अब ग्रीन डेवलपमेंट, सतत विकास और ग्रीन एनर्जी की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

डीएम ने कहा कि सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर युवाओं, महिलाओं, बालिकाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाएं संचालित कर रही है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के माध्यम से सभी के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

 

उन्होंने कहा कि इस वर्ष वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने तथा युवाओं की भागीदारी के साथ विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रेरित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि हमें सीमा पर युद्ध लड़ने का अवसर भले ही न मिले, लेकिन अपनी दैनिक कार्यशैली में खुशी और आत्मसंतोष के भाव के साथ जनहित में कार्य करना चाहिए। प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को आत्ममूल्यांकन करना चाहिए कि उसके आज के कार्य से कितने पीड़ितों और नागरिकों का भला हुआ तथा क्या उसने अपने कर्तव्य के साथ पूर्ण न्याय किया।

 

जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों के प्रति गहरा आभार व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कल्पना जायसवाल ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वतंत्रता के मूल्य और महत्व को समझना तथा इसे अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा से पालन करना चाहिए, तभी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

 

अपर जिलाधिकारी न्यायिक अरविंद द्विवेदी और अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता ने भी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को शॉल एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन उप जिलाधिकारी अवधेश कुमार निगम ने किया।

 

कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कलेक्ट्रेट परिसर में शहीदों की स्मृति में पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

 

साभार: जिला सूचना अधिकारी, फिरोजाबाद।

 

Pink City Times | PCT News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!