फिरोजाबाद में रोजगार मेले में 175 अभ्यर्थियों को मिला रोजगार, 1125 बेरोजगार युवाओं ने कराया पंजीकरण
रामसिंह महाविद्यालय टूण्डला में आयोजित हुआ वृहद रोजगार मेला, 18 नियोजकों ने लिया भाग

फिरोजाबाद में रोजगार मेले में 175 अभ्यर्थियों को मिला रोजगार, 1125 बेरोजगार युवाओं ने कराया पंजीकरण
रामसिंह महाविद्यालय टूण्डला में आयोजित हुआ वृहद रोजगार मेला, 18 नियोजकों ने लिया भाग
फिरोजाबाद/25 अगस्त/सू0वि0। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय, फिरोजाबाद द्वारा रामसिंह महाविद्यालय, टूण्डला में एकदिवसीय निःशुल्क वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले का शुभारंभ विधायक प्रेमपाल सिंह धनगर ने फीता काटकर किया।
विधायक ने रोजगार मेले के आयोजन की सराहना करते हुए प्रतिभागी नियोजकों का आभार व्यक्त किया तथा बेरोजगार अभ्यर्थियों से विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
रोजगार मेले में 18 नियोजकों ने प्रतिभाग किया, जबकि 1125 बेरोजगार अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इनमें से 175 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से रोजगार के लिए चयन हुआ।
इस अवसर पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अभ्यर्थियों को जनपद में आयोजित होने वाले तहसील स्तरीय रोजगार मेलों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से आगामी रोजगार मेलों में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने तथा अपनी योग्यता एवं क्षमता के अनुरूप कंपनियों में अवसर तलाशने की अपील की।
जिला सेवायोजन अधिकारी खुशबू शाक्य ने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में हेमलता यादव, प्रधानाचार्य राजकीय आईटीआई जारखी, मधुवन प्रसाद, प्रधानाचार्य राजकीय पॉलीटेक्निक भौडेला टूण्डला, धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, प्रबंधक रामसिंह महाविद्यालय तथा जिला सेवायोजन कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
मत्स्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा, ग्राम सभा के पट्टों की प्रगति में सुधार के निर्देश
पात्र अभ्यर्थियों के चयन के बाद योजनाओं की सूची का किया गया रैंडमाइजेशन
फिरोजाबाद/25 अगस्त। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य की अध्यक्षता में मत्स्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित मत्स्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने ग्राम सभा के पट्टों की प्रगति में सुधार करने के निर्देश दिए। साथ ही राज्य सेक्टर की योजनाओं के लिए विभागीय पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की जिला स्तरीय समिति द्वारा जांच कर पात्र अभ्यर्थियों के चयन तथा अपात्र आवेदनों के निरस्तीकरण की प्रक्रिया के बाद पात्र अभ्यर्थियों की सूची का रैंडमाइजेशन किया गया।
किसानों के लिए मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण पाने का अवसर

लखनऊ में सात बैचों में होगा छह दिवसीय प्रशिक्षण, शुल्क मात्र 50 रुपये
फिरोजाबाद/25 अगस्त। जिला उद्यान अधिकारी ने जनपद के किसानों को सूचित किया है कि राज्य मशरूम प्रयोगशाला, राजकीय शीतगृह परिसर, सेक्टर-जी, अलीगंज, लखनऊ में मशरूम उत्पादन की तकनीकी जानकारी देने के लिए छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम सात बैचों में आयोजित होगा—
प्रथम बैच: 07 से 12 सितंबर 2026
द्वितीय बैच: 05 से 10 अक्टूबर 2026
तृतीय बैच: 02 से 07 नवंबर 2026
चतुर्थ बैच: 14 से 19 दिसंबर 2026
पंचम बैच: 04 से 09 जनवरी 2027
षष्ठम बैच: 01 से 06 फरवरी 2027
सप्तम बैच: 15 से 20 मार्च 2027
अभ्यर्थियों को पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर प्रशिक्षण शुल्क मात्र 50 रुपये जमा करने पर प्रवेश दिया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि में ठहरने एवं भोजन की व्यवस्था अभ्यर्थियों को स्वयं करनी होगी। प्रशिक्षण के दौरान किसी प्रकार का मानदेय देय नहीं होगा।
मशरूम उत्पादन की तकनीकी जानकारी प्राप्त करने के इच्छुक किसान संबंधित संस्थान में प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए 9451142235 पर संपर्क किया जा सकता है।
Pink City Times | PCT News




