टूंडला मंडी का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, किसानों से लिया फीडबैक
गेहूं क्रय केंद्रों पर शेड, पेयजल और पारदर्शी खरीद व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

टूंडला मंडी का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, किसानों से लिया फीडबैक
गेहूं क्रय केंद्रों पर शेड, पेयजल और पारदर्शी खरीद व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शनिवार को टूंडला स्थित मंडी परिषद का औचक निरीक्षण कर गेहूं क्रय केंद्र एवं भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्रय केंद्र पर मौजूद किसानों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और खरीद व्यवस्था को लेकर फीडबैक लिया।
अधिकारियों ने जिलाधिकारी को बताया कि जनपद में किसानों की सुविधा के लिए वर्तमान में कुल 55 गेहूं क्रय केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से 16,500 मीट्रिक टन गेहूं खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके सापेक्ष अब तक 10,437 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंडी परिसर में गेहूं लेकर आने वाले किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि तेज धूप और मौसम को देखते हुए क्रय केंद्रों पर पर्याप्त शेड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही किसानों के लिए शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
मंडी परिसर स्थित एफसीआई केंद्र के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी उपज का एक-एक दाना खरीदा जाएगा तथा नियमों के अनुसार पारदर्शी भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।
किसानों से की अपील
जिलाधिकारी ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी उपज बेचने के लिए किसी भी बिचौलिए या दलाल के झांसे में न आएं। किसान सीधे सरकारी गेहूं क्रय केंद्रों पर अपनी फसल लेकर पहुंचें। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान खाद्य विपणन अधिकारी विजयता सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




