Welcome to PCTNews   Click to listen highlighted text! Welcome to PCTNews
यूपीराज्यलोकल न्यूज़

सुहाग नगर से सुभाष चौक तक बन रहे फ्लाईओवर का डीएम ने किया निरीक्षण, बिना हेलमेट काम कर रहे मजदूरों पर जताई नाराजगी

72.70 करोड़ की लागत से बन रहा 1291 मीटर लंबा उपरगामी सेतु, 62 प्रतिशत कार्य पूरा

सुहाग नगर से सुभाष चौक तक बन रहे फ्लाईओवर का डीएम ने किया निरीक्षण, बिना हेलमेट काम कर रहे मजदूरों पर जताई नाराजगी

72.70 करोड़ की लागत से बन रहा 1291 मीटर लंबा उपरगामी सेतु, 62 प्रतिशत कार्य पूरा

फिरोजाबाद, 08 मई। शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से सुहाग नगर चौराहे से सुभाष चौक तक निर्माणाधीन उपरगामी सेतु (फ्लाईओवर) का जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति, तकनीकी गुणवत्ता और मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

सेतु निगम अधिकारियों ने जिलाधिकारी को जानकारी देते हुए बताया कि 1291.69 मीटर लंबे इस फ्लाईओवर का निर्माण 72.70 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है। परियोजना का कार्य 30 मार्च 2025 से शुरू हुआ था, जिसे 31 मार्च 2027 तक पूर्ण किया जाना है। वर्तमान में लगभग 62 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी उस समय नाराज हो गए जब उन्होंने निर्माण स्थल पर कई मजदूरों को बिना हेलमेट और सुरक्षा उपकरणों के काम करते हुए देखा। इस पर उन्होंने कार्यदायी संस्था को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि विकास कार्यों से अधिक महत्वपूर्ण मजदूरों का जीवन और उनकी सुरक्षा है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा मानकों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी मजदूरों के लिए हेलमेट व सुरक्षा उपकरण अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किए जाएं।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजना को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि आम जनता को यातायात संबंधी परेशानियों से जल्द राहत मिल सके। साथ ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए किसी दक्ष थर्ड पार्टी एजेंसी से तकनीकी परीक्षण कराने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान सेतु निगम एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!