नाले में मिली नवजात बच्ची की लाश कुत्तों ने बाहर खींचा शव पुलिस सीसीटीवी खंगालने में जुटी
शिकोहाबाद क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना एटा रोड स्थित मंदिर के सामने मिला शव जन्म के तुरंत बाद फेंके जाने की आशंका
नाले में मिली नवजात बच्ची की लाश कुत्तों ने बाहर खींचा शव पुलिस सीसीटीवी खंगालने में जुटी
शिकोहाबाद क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना एटा रोड स्थित मंदिर के सामने मिला शव जन्म के तुरंत बाद फेंके जाने की आशंका

खबर
फिरोजाबाद जनपद के शिकोहाबाद थाना क्षेत्र में शनिवार को एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई। एटा रोड स्थित चौमुखी महादेव मंदिर के सामने एक नाले से नवजात बच्ची का शव बरामद हुआ जिसे कुत्ते बाहर खींच लाए।
दोपहर के समय स्थानीय लोगों ने नाले के पास कुत्तों को संदिग्ध हालत में मंडराते देखा। जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि कुत्तों ने नाले से एक नवजात बच्ची का शव बाहर निकाल रखा है। यह दृश्य देखकर क्षेत्र में सनसनी फैल गई और लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत बच्ची के शव को कुत्तों से छुड़ाकर सुरक्षित बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनुज कुमार राना मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि नवजात बच्ची को जन्म के तुरंत बाद नाले में फेंका गया है।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बच्ची को फेंकने वाले लोगों की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।




