नाबालिगों के ई-रिक्शा चलाने पर यातायात पुलिस का शिकंजा, 12 ई-रिक्शा सीज
फिरोजाबाद में विशेष चेकिंग अभियान के दौरान प्रमुख मार्गों और चौराहों पर हुई जांच, अभिभावकों व वाहन स्वामियों से नाबालिगों को वाहन न देने की अपील

नाबालिगों के ई-रिक्शा चलाने पर यातायात पुलिस का शिकंजा, 12 ई-रिक्शा सीज
फिरोजाबाद में विशेष चेकिंग अभियान के दौरान प्रमुख मार्गों और चौराहों पर हुई जांच, अभिभावकों व वाहन स्वामियों से नाबालिगों को वाहन न देने की अपील
फिरोजाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद श्री आदित्य लांग्हे के निर्देशन में यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से रविवार को नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा चलाए जाने के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम ने सिटी क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग की। इस दौरान ई-रिक्शा चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और वाहनों के आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई।
चेकिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर यातायात पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 12 ई-रिक्शों को सीज किया। पुलिस की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन पर रोक लगाने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाना है।
अभिभावकों और वाहन स्वामियों से अपील
यातायात पुलिस ने अभिभावकों एवं वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे नाबालिग बच्चों को किसी भी प्रकार का वाहन चलाने की अनुमति न दें और बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के किसी व्यक्ति से वाहन का संचालन न कराएं।
पुलिस के अनुसार, सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और वाहन स्वामियों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और नाबालिगों को वाहन न चलाने देने की अपील करते हुए सड़क सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया है।




