
UP के CM योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

होमगार्ड भर्ती परीक्षा की तैयारियों, स्मार्ट मीटर, पेट्रोलियम आपूर्ति और कानून व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश

खबर
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में होमगार्ड्स भर्ती परीक्षा, स्मार्ट मीटर व्यवस्था, पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता तथा प्रदेश की कानून व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने 25, 26 और 27 अप्रैल को प्रस्तावित होमगार्ड्स भर्ती परीक्षा की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता, शुचिता और गोपनीयता के साथ संपन्न कराई जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या लापरवाही पर कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस परीक्षा का आयोजन प्रदेश के 74 जनपदों में 41424 पदों के लिए दो पालियों में किया जाएगा।
भीषण गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए शीतल पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा सुविधा और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आपूर्ति और वितरण व्यवस्था सामान्य बनी हुई है। उन्होंने नेपाल सीमा से सटे जिलों में कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त नजर रखने और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
स्मार्ट मीटर को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे संबंधित शिकायतों और आशंकाओं के समाधान के लिए गठित विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट जल्द प्राप्त होगी। तब तक सभी जिलों में फीडर स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाए और व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया जाए।
मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान कानून व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश में शांति और सुरक्षा बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।



