शिकोहाबाद मंडी में डीएम का औचक निरीक्षण, MSP पर गेहूं खरीद की पुष्टि
किसानों से सीधी बातचीत, बिचौलियों पर सख्ती के निर्देश; जनपद में 55 क्रय केंद्र सक्रिय

शिकोहाबाद मंडी में डीएम का औचक निरीक्षण, MSP पर गेहूं खरीद की पुष्टि
किसानों से सीधी बातचीत, बिचौलियों पर सख्ती के निर्देश; जनपद में 55 क्रय केंद्र सक्रिय

फिरोजाबाद, 21 अप्रैल (सू.वि.):
जिलाधिकारी रमेश रंजन ने मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य एवं अपर जिलाधिकारी विशु राजा के साथ शिकोहाबाद स्थित नवीन मंडी स्थल पर गेहूं क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने मौके पर मौजूद किसानों से बातचीत की और कई किसानों से टेलीफोन के माध्यम से भी संपर्क कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से किसान ब्रजेश सिंह से फोन पर बात कर यह सुनिश्चित किया कि उन्हें सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) मिल रहा है या नहीं। किसान ने संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि उसे एमएसपी के अनुसार उचित मूल्य प्राप्त हुआ है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि शिकोहाबाद के दो क्रय केंद्रों पर अब तक लगभग 1000 कुंतल गेहूं की खरीद की जा चुकी है।
डीएम ने सख्त निर्देश दिए कि किसी भी क्रय केंद्र पर बिचौलियों को प्रवेश की अनुमति न दी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्रय केंद्र केवल वास्तविक किसानों के लिए हैं, ताकि उन्हें उनकी उपज का सीधा लाभ मिल सके।
पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने स्वयं डिजिटल मशीन के माध्यम से गेहूं की माप की जांच की और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान गेहूं बेचने आए किसान सुरेश चंद्र का माला पहनाकर स्वागत भी किया गया, जिससे अन्य किसानों का उत्साहवर्धन हो सके।
अधिकारियों ने बताया कि पूरे जनपद में गेहूं खरीद के लिए 55 केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें शिकोहाबाद नवीन मंडी में 5 पीसीएफ और 2 मार्केटिंग केंद्र संचालित हैं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर पेयजल, छाया और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस दौरान उपजिलाधिकारी गजेंद्र पाल सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




