मक्खनपुर हत्याकांड का खुलासा: विधवा महिला की हत्या कर लूट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड निकला स्थानीय युवक
महिला के जेवरों पर थी आरोपियों की नजर, किराएदार बनकर घर में घुसे और वारदात को दिया अंजाम। पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा, तीसरा आरोपी अभी फरार।

मक्खनपुर हत्याकांड का खुलासा: विधवा महिला की हत्या कर लूट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड निकला स्थानीय युवक

महिला के जेवरों पर थी आरोपियों की नजर, किराएदार बनकर घर में घुसे और वारदात को दिया अंजाम। पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा, तीसरा आरोपी अभी फरार।
फिरोजाबाद।
थाना मक्खनपुर क्षेत्र में 23 जुलाई 2026 को हुई विधवा महिला की हत्या एवं लूट की सनसनीखेज घटना का फिरोजाबाद पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी के निकट पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम ने मामले का सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अवैध असलहा तथा लूटे गए जेवरात भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, मक्खनपुर निवासी आकाश सुनार ने ही पूरी वारदात की साजिश रची थी। जांच में सामने आया कि मृतका घर में अकेली रहती थीं और अक्सर काफी मात्रा में सोने के जेवर पहनती थीं। इसी बात का फायदा उठाने के उद्देश्य से आकाश ने अपने आगरा निवासी परिचित मोहित और लक्की को वारदात के लिए मक्खनपुर बुलाया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी 22 जुलाई को किराएदार बनने के बहाने महिला के घर पहुंचे थे, लेकिन उस दिन वारदात को अंजाम नहीं दे सके। इसके बाद 23 जुलाई को दोबारा मक्खनपुर पहुंचकर आरोपियों ने महिला की हत्या कर दी और जेवर लूटकर फरार हो गए।

घटना के खुलासे के दौरान पुलिस ने आकाश सुनार और लक्की को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से अवैध असलहा और लूटे गए जेवरात बरामद किए गए हैं। वहीं, वारदात में शामिल तीसरा आरोपी मोहित अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी को भी शीघ्र गिरफ्तार कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई पूरी की जाएगी।





