Welcome to PCTNews   Click to listen highlighted text! Welcome to PCTNews
यूपीराजनीतिराज्यलोकल न्यूज़

कारगिल विजय दिवस पर पूरनपुर के शहीद पार्क में भावभीनी श्रद्धांजलि, मंत्री जितिन प्रसाद व डीएम ने वीर शहीदों को किया नमन

शहीद सुरेंद्र सिंह लवाना की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में पुष्पांजलि, पौधारोपण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और परिजनों का सम्मान

कारगिल विजय दिवस पर पूरनपुर के शहीद पार्क में भावभीनी श्रद्धांजलि, मंत्री जितिन प्रसाद व डीएम ने वीर शहीदों को किया नमन

 

शहीद सुरेंद्र सिंह लवाना की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में पुष्पांजलि, पौधारोपण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और परिजनों का सम्मान

पीलीभीत। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर जनपद पीलीभीत के पूरनपुर स्थित शहीद पार्क (शहीद सुरेंद्र सिंह लवाना स्मारक) में भव्य श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री जितिन प्रसाद, जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, सामाजिक संस्था ‘नेकी की दीवार’, रोटरी क्लब तथा अन्य गणमान्य लोगों ने कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम का उद्देश्य वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को नमन करना तथा युवा पीढ़ी में देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना रहा।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि कारगिल के अमर शहीदों का बलिदान प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने बताया कि जनपद पीलीभीत के वीर सपूत हवलदार शहीद सुरेंद्र सिंह लवाना ने कारगिल युद्ध में मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था, जिनकी स्मृति में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

श्रद्धांजलि समारोह के दौरान स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत भाषण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और बैंड की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। उपस्थित लोगों ने कैंडल जलाकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं ब्रह्मकुमारी आश्रम से पहुंची बहनों ने भी शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूली बच्चों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही राज्य मंत्री, जिलाधिकारी तथा विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों ने शहीदों की स्मृति में पार्क परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

समारोह के अंत में हवलदार शहीद सुरेंद्र सिंह लवाना के परिजनों को जिलाधिकारी ने शाल ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति, सम्मान और राष्ट्रसेवा की भावना का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!