लाखों की लागत से बना आयुष्मान उप स्वास्थ्य केंद्र बदहाल, ढाई साल से नहीं पहुंची स्वास्थ्य टीम
पूठरीकलां के ग्रामीणों को इलाज के लिए 3–4 किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा, स्टाफ की कमी बताकर एमओआईसी ने जताई असमर्थता

लाखों की लागत से बना आयुष्मान उप स्वास्थ्य केंद्र बदहाल, ढाई साल से नहीं पहुंची स्वास्थ्य टीम
पूठरीकलां के ग्रामीणों को इलाज के लिए 3–4 किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा, स्टाफ की कमी बताकर एमओआईसी ने जताई असमर्थता
अहमदगढ़/बुलंदशहर।
थाना अहमदगढ़ क्षेत्र के गांव पूठरीकलां में लाखों रुपये की लागत से निर्मित आयुष्मान उप स्वास्थ्य केंद्र वर्षों से बदहाली का शिकार बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि केंद्र बनने के बावजूद पिछले करीब दो से ढाई वर्षों से यहां न तो डॉक्टर पहुंचे हैं और न ही स्वास्थ्य विभाग की कोई टीम नियमित रूप से आई है। देखरेख के अभाव में स्वास्थ्य केंद्र की इमारत जर्जर होती जा रही है और अब यह खंडहर में तब्दील होने लगा है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कराया गया था, लेकिन इसके संचालन न होने से ग्रामीणों को इसका कोई लाभ नहीं मिल रहा है। स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या के लिए लोगों को 3 से 4 किलोमीटर दूर स्थित अन्य स्वास्थ्य केंद्रों या अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है। इसका सबसे अधिक असर बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बच्चों पर पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार इस संबंध में कई बार ग्राम प्रधान और ग्राम सचिव से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि सरकार द्वारा करोड़ों रुपये खर्च कर स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, लेकिन संबंधित विभाग की लापरवाही के चलते गांव में बना स्वास्थ्य केंद्र शोपीस बनकर रह गया है।
बीटीसी सदस्य शिवकुमार, हरवीर सिंह, विजयपाल सिंह, संजू सिंह, तेज सिंह, लोकेश, मुनेश और पुष्पा देवी सहित अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से उप स्वास्थ्य केंद्र को शीघ्र संचालित कराने, नियमित रूप से डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने तथा ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
वहीं, इस मामले में दानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के एमओआईसी डॉ. नवल किशोर से बात की गई तो उन्होंने स्टाफ की कमी को स्वास्थ्य केंद्र के नियमित संचालन में सबसे बड़ी बाधा बताया।
रिपोर्ट: गोल्डी उर्फ सौरभ शर्मा, संवाददाता, अहमदगढ़ (बुलंदशहर)।




