
जानलेवा हमले के 4 वांछित आरोपी नारखी पुलिस के हत्थे चढ़े, पुलिस ने भेजा जेल
खंगरई डेरा बंजारा तिराहे से की गई गिरफ्तारी, जान से मारने की नीयत से हमले के मामले में थे वांछित
फिरोजाबाद। जनपद फिरोजाबाद की थाना नारखी पुलिस ने जान से मारने की नीयत से हमला करने के मामले में फरार चल रहे चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद विधिक कार्रवाई के तहत जेल भेज दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी टूण्डला के नेतृत्व में थाना नारखी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खंगरई डेरा बंजारा तिराहे से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किशनवीर सिंह पुत्र यादराम, अजय प्रताप पुत्र किशनवीर सिंह, रणधीर सिंह पुत्र किशनवीर सिंह तथा राजन सिंह पुत्र किशनवीर सिंह, निवासी गढ़ी भूपाल, थाना नारखी, जनपद फिरोजाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार सभी आरोपी थाना नारखी में दर्ज मु0अ0सं0 292/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में वांछित चल रहे थे। आरोपियों के विरुद्ध जान से मारने की नीयत से हमला करने सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी राकेश कुमार गिरी, उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार राय, मुख्य आरक्षी रूपचन्द्र, मुख्य आरक्षी रविन्द्र सिंह तथा आरक्षी हेमराज सिंह शामिल रहे।




