जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर में चला व्यापक स्वच्छता अभियान
नालियों की सफाई से लेकर पुराने रिकॉर्ड के निस्तारण तक दिए निर्देश, कलेक्ट्रेट को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने पर जोर

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर में चला व्यापक स्वच्छता अभियान

नालियों की सफाई से लेकर पुराने रिकॉर्ड के निस्तारण तक दिए निर्देश, कलेक्ट्रेट को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने पर जोर

फिरोजाबाद। जनपद में स्वच्छता को लेकर एक सराहनीय पहल करते हुए जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर में सामूहिक स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान में कलेक्ट्रेट के समस्त अनुभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए श्रमदान किया।
स्वच्छता अभियान के दौरान जिलाधिकारी स्वयं मैदान में उतरे और नालियों की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। जिलाधिकारी की इस पहल से प्रेरित होकर अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे सहित अन्य अधिकारियों एवं पटल सहायकों ने भी अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
अभियान के दौरान जिलाधिकारी ने विकास भवन के सामने स्थित गड्ढ़े को शीघ्र भरवाने के निर्देश दिए। साथ ही कलेक्ट्रेट परिसर में जगह-जगह कूड़ेदान रखवाने की बात कही, ताकि परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया जा सके।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने कार्यालयों के भीतर अनुपयोगी फाइलों के निस्तारण एवं पुराने रिकॉर्ड को व्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित कार्यस्थल से कार्य संस्कृति बेहतर होती है और कर्मचारियों की कार्यक्षमता में भी वृद्धि होती है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कलेक्ट्रेट परिसर को पूरी तरह सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त रखा जाए और सभी अधिकारी-कर्मचारी इस दिशा में गंभीरता से कार्य करें।
अभियान के समापन पर जिलाधिकारी ने कहा कि, “स्वच्छता केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि हमारे दैनिक जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। एक स्वच्छ वातावरण ही सकारात्मक कार्य संस्कृति को जन्म देता है।”
इस दौरान उप जिलाधिकारी अब्बास हसन नकवी, उप जिलाधिकारी मुख्यालय सहित समस्त कलेक्ट्रेट कर्मी उपस्थित रहे।




