सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम का सख्त रुख, अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस
135 शिकायतों में 15 का मौके पर निस्तारण, भू-माफियाओं के खिलाफ 7 दिन में कार्रवाई के निर्देश

सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम का सख्त रुख, अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस
135 शिकायतों में 15 का मौके पर निस्तारण, भू-माफियाओं के खिलाफ 7 दिन में कार्रवाई के निर्देश
फिरोजाबाद, 06 जून। शासन की मंशा के अनुरूप जन समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए तहसील सदर फिरोजाबाद में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अधिकारियों को जन शिकायतों के प्रति संवेदनशील रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतकर्ताओं को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, एसपी सिटी सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान राजस्व, पुलिस, खाद्य, शिक्षा और नगर निकायों से जुड़ी कुल 135 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 15 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी कई महत्वपूर्ण अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराज दिखाई दिए। उन्होंने अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि भविष्य में बिना पूर्व स्वीकृत अवकाश के किसी विभाग के प्रतिनिधि अधिकारी को समाधान दिवस में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 तक प्राप्त उन शिकायतों की पुनः समीक्षा की जाए, जिन पर शिकायतकर्ताओं ने असंतोषजनक फीडबैक दिया है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
भीषण गर्मी को देखते हुए डीएम ने सभी विकास खंडों और नगर निकायों की गौशालाओं में गौवंश को लू से बचाने के पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी सरकारी कार्यालयों में आने वाले नागरिकों के लिए छाया और शीतल पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने 5 जून से 30 जून तक चलने वाले कार्यक्रमों को जनहितैषी बनाने तथा 14 से 16 जून तक सभी विकास खंडों में तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी आयोजित करने के निर्देश दिए। प्रदर्शनी के माध्यम से ऐसे लोगों को चिन्हित किया जाएगा जो अब तक सरकारी योजनाओं से वंचित हैं और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम बदन राम को पर्याप्त डॉक्टरों के साथ स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश देते हुए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर सात दिनों के भीतर जांच पूरी कर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
समाधान दिवस के दौरान शिकायतकर्ता सुनील कुमार ने ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों में वित्तीय अनियमितताओं और सरकारी धन के गबन की शिकायत दर्ज कराई। इस पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी फिरोजाबाद को सात दिनों के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी भागेंद्र, जिला पूर्ति अधिकारी स्वीटी सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



