देशयूपीराज्यलोकल न्यूज़

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर जनपद में 5 से 21 जून तक मनेगा ‘सेवा, सुशासन और सम्मान’ महोत्सव

प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने समीक्षा बैठक में तय की कार्यक्रमों की रूपरेखा, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से होगी शुरुआत

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर जनपद में 5 से 21 जून तक मनेगा ‘सेवा, सुशासन और सम्मान’ महोत्सव

प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने समीक्षा बैठक में तय की कार्यक्रमों की रूपरेखा, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से होगी शुरुआत

फिरोजाबाद। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद में 5 जून से 21 जून तक ‘सेवा, सुशासन और सम्मान’ विषयक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के प्रभारी मंत्री एवं गन्ना विकास तथा चीनी मिल मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

प्रभारी मंत्री ने बताया कि अभियान की शुरुआत 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ वृक्षारोपण अभियान से होगी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज वैश्विक आवश्यकता बन चुका है और इस अभियान के माध्यम से लोगों को पौधरोपण एवं उसके संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। अस्पतालों, विश्वविद्यालयों, प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर बड़े स्तर पर वृक्षारोपण किया जाएगा।

बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, संस्कार, सुशासन और सम्मान की ऐतिहासिक यात्रा के रूप में दर्ज हुए हैं। उन्होंने इस अवधि को भारत का ‘स्वर्णिम काल’ बताते हुए कहा कि देश ने विकास के अनेक नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों का आयोजन पूरी भव्यता और दिव्यता के साथ किया जाए ताकि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी जन-जन तक पहुंच सके।

कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत 8 जून से 14 जून तक विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। वहीं 11 जून से 14 जून के बीच मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित कर केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियों को जनता के समक्ष रखा जाएगा।

16 और 17 जून को ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ का आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के लगभग 300 प्रबुद्धजन, शिक्षाविद, उद्यमी और विषय विशेषज्ञ भाग लेंगे। सम्मेलन के दौरान सरकार की उपलब्धियों पर व्याख्यान दिए जाएंगे तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों का सम्मान भी किया जाएगा।

17 जून से 20 जून तक विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा।

18 और 19 जून को प्राकृतिक खेती कार्यशाला आयोजित होगी। इस दौरान किसानों को रासायनिक उर्वरकों के दुष्प्रभावों तथा प्राकृतिक खेती के लाभों के बारे में जानकारी दी जाएगी। मंत्री ने कहा कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देकर किसानों और आमजन के स्वास्थ्य की रक्षा की जा सकती है।

बैठक के समापन पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि यह केवल सरकारी कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण का महाउत्सव है। उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद के प्रत्येक क्षेत्र में नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम और लोक माध्यमों के जरिए आम जनता को अभियान से जोड़ा जाए, ताकि अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ और संदेश पहुंच सके।

उन्होंने बताया कि पूरे अभियान का समापन 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन के साथ होगा। मंत्री ने कहा कि योग भारत की विश्व को सबसे बड़ी देन है, जिसे आज दुनिया के 200 से अधिक देशों ने अपनाया है।

बैठक में सदर विधायक मनीष असीजा, टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष सतीश दिवाकर, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष अतुल प्रताप सिंह, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कल्पना जायसवाल, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) मोहनलाल गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख कमलेश राजपूत सहित जनपद के सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!