हिंदी पत्रकारिता दिवस पर पत्रकारों का सम्मान, लक्की ट्रस्ट ने किया अभिनंदन
हिंदी पत्रकारिता दिवस पर पत्रकारों का सम्मान, लक्की ट्रस्ट ने किया अभिनंदन

जनपद के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
फिरोजाबाद। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर लक्की ट्रस्ट, अतुर्रा की ओर से शनिवार को तिवरिया चौराहा स्थित जानकी महल में भव्य पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि एवं लक्की ट्रस्ट के अध्यक्ष लोधी देवेंद्र सिंह ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता का इतिहास गौरवशाली रहा है। वर्ष 1826 में पंडित युगल किशोर शुक्ल द्वारा प्रकाशित ‘उदन्त मार्तण्ड’ से शुरू हुई हिंदी पत्रकारिता आज लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज को दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पत्रकार जनता और शासन-प्रशासन के बीच सेतु बनकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं।
उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी, कड़ाके की सर्दी और बारिश जैसी प्रतिकूल परिस्थितियों में भी पत्रकार समाज के सामने सत्य लाने के लिए निरंतर कार्यरत रहते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में भी पत्रकारों की अहम भूमिका होती है। ऐसे कर्मठ पत्रकारों का सम्मान करना समाज का दायित्व है।
लोधी देवेंद्र सिंह ने कहा कि लक्की ट्रस्ट हमेशा निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता के साथ खड़ा रहा है तथा भविष्य में भी पत्रकारों के हितों और सम्मान के लिए कार्य करता रहेगा। उन्होंने सभी पत्रकारों को हिंदी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।
कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ पत्रकारों एवं अन्य सम्मानित पत्रकारों ने लक्की ट्रस्ट द्वारा किए गए सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन ट्रस्ट के संरक्षक डॉ. बिजेंद्र सिंह वर्मा ने किया।
इस अवसर पर लोधी दिनेश राजपूत, विवेक राजपूत, सचिव मुकेश राजपूत, करन राजपूत, योगेश राजपूत, दीपक सविता, मानपाल सिंह, रामेश्वर राजपूत, मोहित राजपूत सहित ट्रस्ट के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
समारोह का समापन पत्रकारों के उज्ज्वल भविष्य तथा हिंदी पत्रकारिता के निरंतर विकास की कामना के साथ हुआ।




