
फिरोजाबाद में “मिशन शक्ति फेज–5.0” के तहत जागरूकता अभियान, छात्राओं को सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का दिया संदेश
फिरोजाबाद | 01 अप्रैल 2026
उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना
“मिशन शक्ति अभियान फेज–5.0” के द्वितीय चरण के अंतर्गत फिरोजाबाद पुलिस ने जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान मिशन शक्ति टीम और महिला सुरक्षा विशेष दल ने बालिकाओं एवं महिलाओं को सुरक्षा, स्वावलंबन और सशक्तिकरण के विषय में विस्तार से जानकारी दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के तहत पुलिस टीमों ने गांव, स्कूल, कॉलेज, पंचायत भवन, बाजार, बस स्टैंड और प्रमुख चौराहों पर पहुंचकर महिलाओं और छात्राओं से सीधा संवाद किया।
अभियान के दौरान छात्राओं को महिला सुरक्षा, सम्मान, साइबर अपराध से बचाव और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें यह भी बताया गया कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस या महिला बीट अधिकारी को दें।
📞 महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी:
1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
1090 – वीमेन पावर हेल्पलाइन
1930 – साइबर अपराध हेल्पलाइन
102 / 108 – स्वास्थ्य एवं एंबुलेंस सेवा
1098 – चाइल्ड हेल्पलाइन
181 / 112 – आपातकालीन सहायता
इसके अलावा छात्राओं को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम का सुरक्षित और सावधानीपूर्वक उपयोग करने की भी सलाह दी गई।
अभियान के तहत नसीरपुर, दक्षिण, नारखी, खैरगढ़, बसई मोहम्मदपुर, नगला खंगर, फरिहा, रजावली, पचोखरा, टूंडला, सिरसागंज, जसराना, मटसेना, अरांव, नगला सिंघी, मक्खनपुर, उत्तर, रसूलपुर और लाइनपार सहित कई थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।




