
फिरोजाबाद: जमीनी विवाद में चचेरे भाई की हत्या, 4 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार
फिरोजाबाद। जनपद के थाना अरांव क्षेत्र के गांव सैंजनी/सहजनी में बुधवार को जमीनी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। एक ही परिवार के चचेरे भाइयों के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद अचानक हिंसा में बदल गया, जिसमें एक युवक की हत्या कर दी गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, विवाद के दौरान पुष्पेंद्र पक्ष के लोगों ने राकेश पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गर्दन पर किया गया वार इतना घातक था कि राकेश की मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने आए परिवार के अन्य चार लोग भी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही थाना अरांव पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। स्थिति को देखते हुए गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और महज चार घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में सुभाष चंद्र, विनय और राहुल निवासीगण ग्राम सैंजनी शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चार डंडे और दो भाले भी बरामद किए हैं।
थाना अरांव में इस संबंध में मु0अ0सं0 47/26 के तहत धारा 103(1), 115(2) और 352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और पूर्व में भी कई संगीन मामलों में इनका नाम सामने आ चुका है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला जमीनी विवाद से जुड़ा हुआ है। फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।




